रीवा: प्रसूता और नवजात की मौत का मामला, युवा कांग्रेस और पुलिस के बीच झड़प; चला वाटर कैनन

Congress And Police Clash Rewa: प्रसूता व नवजात की मौत पर बवाल, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला के आवास का घेराव करने निकले युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस का एक्शन; छोड़े 4 राउंड आंसू गैस के गोले।
Youth Congress protest over maternal and newborn death in Rewa
रीवा मं उग्र हुआ प्रदर्शन(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Youth Congress Protest Rewa: रीवा में प्रसूता कल्पना मिश्रा और उसके नवजात शिशु की मौत के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। न्याय की मांग, संजय गांधी अस्पताल की कथित बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज एफआईआर के विरोध में मंगलवार को युवा कांग्रेस ने एक बार फिर सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला के आवास का घेराव करने की कोशिश की, जिसके चलते इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कल्पना मिश्रा और उसके नवजात की मौत स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही का परिणाम है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मामले में दोषियों के खिलाफ अब तक कठोर कार्रवाई नहीं की गई है। इसी मुद्दे को लेकर संगठन ने डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला के आवास तक मार्च निकालने का ऐलान किया था। सुबह से ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हुए और नारेबाजी करते हुए आवास की ओर बढ़ने लगे।

पुलिस ने की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, रास्तों पर बैरिकेडिंग

प्रदर्शन की सूचना पहले से होने के कारण पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। डिप्टी सीएम आवास की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर भारी बैरिकेडिंग की गई और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कई स्तरों पर सुरक्षा घेरा बनाया गया था। हालांकि, युवा कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार बैरिकेडिंग पार करने का प्रयास करते रहे, जिससे पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली।

आंसू गैस और वाटर कैनन से भीड़ को किया गया नियंत्रित

स्थिति बिगड़ती देख रीवा पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सख्त कदम उठाए। प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाने के लिए चार राउंड आंसू गैस के गोले छोड़े गए। इसके साथ ही वाटर कैनन का इस्तेमाल कर भीड़ को तितर-बितर करने का प्रयास किया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से प्रदर्शन स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।

Youth Congress protest over maternal and newborn death in Rewa
भोपाल महापौर मालती राय की कार में आग लगाने की कोशिश, निगम पार्किंग में कर्मचारी ने लगाई आग, नियमितीकरण की मांग

एफआईआर वापसी और अस्पताल सुधार की मांग पर अड़े कार्यकर्ता

युवा कांग्रेस का कहना है कि संजय गांधी अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है और आम मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने कल्पना मिश्रा मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई, अस्पताल की व्यवस्थाओं में व्यापक सुधार और पूर्व प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं पर दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग दोहराई है। वहीं, मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति पर नजर बनाए रखी और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखा। प्रदर्शन के बाद भी इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com