रतलाम में अतिथि शिक्षक को पेड़ से बांधकर पीटा, छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, दोनों पक्षों पर केस दर्ज

Guest Teacher Viral Video : रतलाम में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में अतिथि शिक्षक को पेड़ से बांधकर पीटा गया। घटना का वीडियो वायरल हुआ। शिक्षक की शिकायत पर मारपीट का केस भी दर्ज किया गया।
Ratlam guest teacher tied to a tree and beaten
रतलाम में अतिथि शिक्षक की पिटाईफोटो सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Ratlam Guest Teacher Assault : रतलाम जिले के ताल थाना क्षेत्र में एक अतिथि शिक्षक पर नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप लगाकर कुछ लोगों द्वारा उसे पेड़ से बांधकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना तीन दिन पुरानी बताई जा रही है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग शिक्षक को पेड़ से बांधकर थप्पड़ मारते और रस्सी से पीटते नजर आ रहे हैं। इस दौरान शिक्षक रोते हुए उसे छोड़ने की गुहार लगाता दिखाई दे रहा है।

बताया जाता है कि मारपीट का शिकार हुआ शिक्षक योगेंद्र जाटव मुरैना जिले के एक गांव का रहने वाला है। वह रतलाम जिले के ताल थाना क्षेत्र के एक गांव में किराये का मकान लेकर रहता है और एक स्कूल में अतिथि शिक्षक के रूप में पदस्थ है। मामला 3 अक्टूबर 2026 का बताया जा रहा है।

छात्रा से छेड़छाड़ का लगाया आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि अतिथि शिक्षक योगेंद्र जाटव ने एक नाबालिग छात्रा को किसी बहाने से बुलाया था और उसके साथ छेड़छाड़ की। शोर मचने पर छात्रा के परिजन और अन्य लोग मौके पर पहुंच गए और शिक्षक को पकड़ लिया। इसके बाद कुछ लोगों ने उसे पेड़ से रस्सी से बांधकर मारपीट की। इसी दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

पॉक्सो एक्ट सहित धाराओं में केस

नाबालिग छात्रा के परिजन की शिकायत पर ताल पुलिस ने अतिथि शिक्षक योगेंद्र जाटव के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

शिक्षक ने भी दर्ज कराया मारपीट का केस

मारपीट के मामले में अतिथि शिक्षक योगेंद्र जाटव ने भी ताल थाने में कुछ लोगों के खिलाफ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में शिक्षक ने बताया कि 3 अक्टूबर की दोपहर करीब डेढ़ बजे वह लंच के दौरान अपनी पहचान की एक लड़की से मिलने गया था। दोपहर करीब पौने तीन बजे एक स्थान पर दो लोगों ने उसे रोक लिया और गाली-गलौच करते हुए लड़की से मिलने का कारण पूछने लगे।

Ratlam guest teacher tied to a tree and beaten
भोपाल: राहुल गांधी की हिरासत के विरोध में कांग्रेस का धरना, सिंघार बोले- आजादी की दूसरी लड़ाई लड़ रही पार्टी

वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश

शिक्षक के मुताबिक गाली-गलौच करने से मना करने पर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। साथ ही धमकी दी गई कि आगे से गांव की किसी लड़की से मिलने आया तो जान से खत्म कर देंगे। शिक्षक ने शिकायत में कहा कि वह मारपीट करने वालों को नहीं जानता है। ताल थाना प्रभारी स्वराज डाबी के अनुसार शिक्षक की रिपोर्ट पर मारपीट करने वालों के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया गया है। रतलाम पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट करने वालों की तलाश कर रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com