

Rajgarh Ajnar River Transformation: अक्सर कहा जाता है कि दुनिया बदलने के लिए एक बड़ी फौज की जरूरत होती है, लेकिन अजनार नदी को साफ करने वाले बिट्टू ने इस बात को गलत साबित कर दिया है। बिना किसी सरकारी मदद या बड़ी टीम के, अकेले अपने दम पर अजनार नदी से कचरा निकालने वाले बिट्टू की इस अनोखी पहल ने अब सत्ता के शीर्ष का भी ध्यान खींचा है।
हाल ही में, राज्य के मुख्यमंत्री यादव ने बिट्टू से विशेष मुलाकात की और उनके इस असाधारण कार्य की जमकर सराहना की। मुख्यमंत्री ने बिट्टू के पर्यावरण के प्रति समर्पण और उनकी कड़ी मेहनत को पूरे राज्य के लिए एक मिसाल बताया।
इस खास मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बिट्टू के प्रयासों की तारीफ करते हुए एक बेहद अहम बात कही। उन्होंने कहा, "बदलाव के लिए भीड़ नहीं, सच्चा प्रयास जरूरी है।" सीएम का यह बयान स्पष्ट करता है कि यदि कोई व्यक्ति ठान ले और पूरी ईमानदारी से प्रयास करे, तो वह अकेला ही समाज और पर्यावरण में एक बड़ा सकारात्मक बदलाव ला सकता है।
बिट्टू ने अजनार नदी को गंदगी और प्रदूषण से मुक्त करने का जो बीड़ा उठाया था, वह शुरुआत में एक असंभव सा काम लग रहा था। लेकिन उनके निरंतर प्रयासों ने नदी की तस्वीर बदल दी। अब उनका यह कदम न केवल स्थानीय लोगों को जागरूक कर रहा है, बल्कि सरकार को भी नदियों के संरक्षण के लिए कड़े कदम उठाने के लिए प्रेरित कर रहा है।
वंही दूसरी तरफ सुरेंद्र सिंह चौधरी उर्फ बिट्टू के सराहनीय कार्य को जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए लिखा कि यह मध्य प्रदेश में राजगढ़ के सुरेंद्र सिंह चौधरी उर्फ बिट्टू हैं। इन्होंने अकेले गंदगी से पटी नदी साफ की है। इसके अलावा उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए लिखा कि जब जागरूक जन-प्रहारी जिम्मेदारी निभाते हैं। तब सत्ता शर्म के साथ, सबक भी सीखे।