रायसेन में तालिबानी बर्बरता: मोटर चोरी के शक में 2 युवकों को खंभे से बांधकर पीटा, करंट लगाया, 2 आरोपी अरेस्ट

Raisen Crime News: रायसेन में मोटर चोरी के शक में दो युवकों को खंभे से बांधकर पीटने और करंट लगाने का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
Raisen Youth Assault Case
2 युवकों को करंट लगाया (फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Raisen Youth Assault Case : रायसेन जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां मोटर चोरी के शक में दो युवकों को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा गया। आरोप है कि उनसे चोरी कबूल कराने के लिए खेतों में जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए लगाए जाने वाले बिजली के उपकरण से करंट भी लगाया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, घटना रायसेन जिले के एक गांव की है, जहां कुछ लोगों ने मोटर चोरी के संदेह में दो युवकों को पकड़ लिया। आरोप है कि दोनों को खेत में खंभे से बांधकर डंडों से पीटा गया और बिजली का करंट देकर उनसे चोरी कबूल कराने की कोशिश की गई। घटना के दौरान मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बना लिया, जो शनिवार शाम सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

पुलिस ने संज्ञान लिया

वीडियो सामने आने के बाद रायसेन पुलिस ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया। एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और मुख्य आरोपी जितेंद्र ठाकुर तथा भंवरलाल ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों के खिलाफ मारपीट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मानवाधिकार आयोग ने भी की सजा की मांग

इस घटना ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग का भी ध्यान आकर्षित किया है। आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो साझा करते हुए मामले पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि आयोग ने इस मामले में आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने लिखा कि भारत में कानून का शासन है और किसी भी व्यक्ति को तालिबानी या भीड़तंत्र जैसी मानसिकता के तहत सजा देने की अनुमति नहीं दी जा सकती।

पुलिस ने दिया कानूनी कार्रवाई का भरोसा

घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि सभी दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com