रायसेन में भीषण सड़क हादसा: दो यात्री बसों की टक्कर में 5 की मौत, दो दर्जन से अधिक घायल

Bus Collision News: रायसेन में नेशनल हाईवे-146 पर दो यात्री बसों की टक्कर में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए हैं। पुलिस और प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
Raisen Bus Accident
बस हादसा (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Raisen Bus Accident: रायसेन जिले में नेशनल हाईवे-146 पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। क्रॉसिंग के दौरान दो यात्री बसों की आमने-सामने की टक्कर में 5 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क पर लंबा जाम लग गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सागर से भोपाल जा रही शक्ति ट्रेवल्स की यात्री बस और दूसरी बस के बीच टक्कर हुई। बताया जा रहा है कि दोनों वाहन क्रॉसिंग के दौरान एक-दूसरे से टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बसों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

5 लोगों की मौके पर ही मौत

बस हादसे में सबसे ज्यादा नुकसान शक्ति ट्रेवल्स की बस में सवार यात्रियों को हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक खिड़की के पास बैठे कई यात्री टक्कर की सीधी चपेट में आ गए, जिससे 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा

घटना की सूचना मिलते ही रायसेन और भोपाल पुलिस प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बसों में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। इसके बाद एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

सिंगल लेन सड़क होने के चलते हादसा

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नेशनल हाईवे-146 के इस हिस्से में सिंगल लेन सड़क होने और भारी यातायात दबाव के कारण दुर्घटना हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन द्वारा मृतकों की पहचान और घायलों के परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com