

Panna Flood News : सागर संभाग के पन्ना जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। जिले की कई नदियां उफान पर हैं और निचले इलाकों में पानी भरने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई मार्गों पर पानी बढ़ने के कारण आवाजाही रोकनी पड़ी है।
अमानगंज क्षेत्र में मिढ़ासन नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद पुलिस और प्रशासन ने आसपास के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है।
अमानगंज थाना प्रभारी हेमंत नायक ने खुद मोर्चा संभालते हुए पुलिस वाहन और लाउडस्पीकर के जरिए लोगों को अलर्ट किया। वार्ड नंबर 3, वार्ड नंबर 4 और नदी घाट के आसपास रहने वाले परिवारों से तत्काल घर खाली करने की अपील की गई। प्रभावित लोगों के लिए कन्या और बॉयज स्कूल में राहत शिविर भी बनाए गए हैं।
इधर, पन्ना के धाम मोहल्ले में किलकिला नदी के ओवरफ्लो होने से पानी तेजी से बस्ती में घुस गया। देखते ही देखते कई मकान पानी से घिर गए। इसी दौरान एक कुशवाहा परिवार के 12 सदस्य मकान की छत पर फंस गए। इनमें बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल थे।
छत पर लोगों के फंसे होने की सूचना मिलते ही SDRF, सिविल डिफेंस और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। तेज बहाव और लगातार बढ़ते पानी के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण था। पानी में कंटीले तार और कचरा मौजूद होने के कारण रेस्क्यू बोट चलाने में भी जवानों को काफी सावधानी बरतनी पड़ी।
मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद SDRF और पुलिस के जवानों ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। टीम ने मकान की छत पर फंसे सभी 12 लोगों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते हुए किए गए इस रेस्क्यू ऑपरेशन से बड़ा हादसा टल गया।
पन्ना में बारिश का दौर जारी रहने से प्रशासन की चिंता बनी हुई है। पुलिस और SDRF की मुस्तैदी की सराहना की जा रही है। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने और नदी-नालों तथा तेज बहाव वाले पानी से दूर रहने की अपील की है।