Panna News: बारिश में पानी-पानी हो गया जिला अस्पताल, डिलीवरी वार्ड के बाहर बना 'तालाब', मरीज बेहाल

Panna Hospital News : मध्य प्रदेश के पन्ना जिला अस्पताल में लगातार बारिश के कारण सर्जिकल और डिलीवरी वार्ड के बाहर घुटनों तक पानी भर गया। जलभराव से मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
Panna District Hospital Waterlogging
जिला अस्पताल में हर तरफ भरा पानी (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Panna District Hospital Waterlogging: पन्ना जिले में लगातार हो रही बारिश ने जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं की हकीकत उजागर कर दी है। जिला चिकित्सालय के सर्जिकल और डिलीवरी वार्ड के बाहर घुटनों तक पानी भर जाने से मरीजों, प्रसूताओं और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल की गैलरियां तालाब में तब्दील हो गई हैं और लोगों को पानी के बीच से होकर वार्ड तक पहुंचना पड़ रहा है।

बारिश के चलते अस्पताल परिसर में जलभराव इतना अधिक हो गया कि वार्डों तक पहुंचने वाले रास्ते पूरी तरह पानी में डूब गए। मरीजों के परिजनों का कहना है कि भर्ती मरीजों को दवा लेने, जांच कराने और शौचालय जाने के लिए भी पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। सबसे गंभीर स्थिति डिलीवरी वार्ड के बाहर है, जहां प्रसूताओं और नवजात शिशुओं की आवाजाही भी इसी पानी के बीच हो रही है।

डिलीवरी वार्ड के बाहर भरा पानी

जिला अस्पताल में भर्ती मरीज के परिजन सुरेश चौबे ने बताया कि डिलीवरी वार्ड की गैलरी में करीब एक फीट तक पानी भर गया है। इससे डॉक्टरों, नर्सों और अस्पताल स्टाफ के आने-जाने में भी दिक्कत हो रही है। उनका कहना है कि जिला अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर इस तरह का जलभराव स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

हर साल पैदा होती है ऐसी स्थिति

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में जिला अस्पताल में जलभराव की समस्या हर साल सामने आती है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया। हर मानसून में मरीजों और उनके परिजनों को इसी तरह की परेशानी झेलनी पड़ती है।

कांग्रेस ने भी उठाए सवाल

कांग्रेस ने पन्ना जिला अस्पताल में हुए जलभराव को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने कहा कि पहली ही बारिश में अस्पताल स्विमिंग पूल बन गया, जिससे मरीजों को परेशानी और संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। कांग्रेस का आरोप है कि मेंटेनेंस पर करोड़ों रुपये खर्च करने के सरकारी दावे सिर्फ कागजों तक सीमित हैं।

सड़क निचली होने के चलते अस्पताल में भरता है पानी

वहीं जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. आलोक गुप्ता ने बताया कि अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग आसपास की सड़क से काफी नीचे स्थित है। इसके अलावा अस्पताल के सामने चल रहे निर्माण कार्य के कारण ड्रेनेज लाइन बाधित हो गई, जिससे पानी की निकासी नहीं हो सकी और अस्पताल परिसर में जलभराव हो गया। उन्होंने बताया कि अस्पताल से पानी निकालने का काम तेजी से किया जा रहा है। संबंधित निर्माण एजेंसी को पत्र भेजा गया है और स्थायी समाधान के लिए मुख्यालय से बजट की मांग भी की गई है। प्रशासन का दावा है कि जल्द ही स्थिति सामान्य कर दी जाएगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com