MP में चक्रवात अकवान का असर: 21 नवंबर को 20 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, जानिए भोपाल और इंदौर के मौसम का हाल

Madhya Pradesh Rain Alert : चक्रवात अकवान के असर से 20 और 21 नवंबर को मध्य प्रदेश के 20 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। बालाघाट-डिंडौरी में भारी बारिश और तापमान में गिरावट के आसार हैं।
madhya pradesh rain news
मध्य प्रदेश में बारिश का अलर्टफोटो सोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • बंगाल की खाड़ी के चक्रवाती सिस्टम से MP में बदलेगा मौसम।

  • 21 नवंबर को बालाघाट और डिंडौरी में भारी बारिश का अलर्ट।

  • 20 जिलों में 50 Km प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं।

  • शहडोल का कल्याणपुर 9.9 डिग्री तापमान के साथ रहा सबसे ठंडा।

Cyclone Akwan Impact on Madhya Pradesh : मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज अगले दो दिनों में बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती सिस्टम का असर प्रदेश के कई हिस्सों में दिखाई देगा। मौसम विभाग ने 20 और 21 नवंबर को पूर्वी, दक्षिणी और मध्य प्रदेश के कुछ अन्य इलाकों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है।

इस दौरान बालाघाट और डिंडौरी में भारी बारिश हो सकती है। दूसरी ओर, प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट के साथ सर्दी का असर भी बढ़ने लगा है।

21 नवंबर को चक्रवाती सिस्टम का सबसे ज्यादा असर

मौसम विभाग के मुताबिक, 21 नवंबर को प्रदेश में चक्रवात का प्रभाव अधिक रहने की संभावना है। बालाघाट और डिंडौरी में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान ढाई से साढ़े 4 इंच तक बारिश होने का अनुमान है।

20 जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार

मौसम विभाग ने मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, जबलपुर, मंडला, सिवनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर और खरगोन में भी मौसम बदलने की संभावना जताई है। यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ बारिश हो सकती है।

20 नवंबर से पूर्वी मध्य प्रदेश में बदलेगा मौसम

चक्रवाती सिस्टम का शुरुआती असर 20 नवंबर को दिखाई दे सकता है। इस दिन शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, सिवनी और बालाघाट में हल्की बारिश होने का अनुमान है। इससे पहले प्रदेश के कई शहरों में बादल छाए रह सकते हैं। भोपाल में भी पिछले दो दिनों से बादलों और धुंध का असर बना हुआ है।

शहडोल में सबसे सर्द रही रात, 9.9 डिग्री पर पहुंचा पारा

मध्य प्रदेश में बारिश की संभावना के बीच रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। शहडोल के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। कटनी के करौंदी में पारा 10.9 डिग्री और रीवा में 11.2 डिग्री दर्ज किया गया। दमोह में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री, नौगांव में 12.2 डिग्री, उमरिया में 13.1 डिग्री और पचमढ़ी में 13.2 डिग्री रहा। छिंदवाड़ा और जबलपुर में 13.6 डिग्री, भोपाल और ग्वालियर में 13.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी इलाकों में बढ़ेगी ठिठुरन

कश्मीर और उत्तराखंड के कई क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी पड़ रहा है। पहाड़ी इलाकों से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश में रातें सर्द होने लगी हैं। मौसम प्रणालियों के आगे बढ़ने और उत्तरी हवाओं का प्रभाव बढ़ने के साथ तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।

नवंबर के दूसरे पखवाड़े में बढ़ती है ठंड

पिछले 10 वर्षों के मौसम संबंधी आंकड़ों के मुताबिक, 9 साल नवंबर के दूसरे पखवाड़े में प्रदेश में ठंड का असर तेज हुआ है। इस साल भी 20 नवंबर के बाद तापमान में गिरावट आने का अनुमान है। खासतौर पर ग्वालियर-चंबल संभाग में उत्तरी हवाओं के कारण सर्दी ज्यादा महसूस हो सकती है।

madhya pradesh rain news
सिवनी में पुलिस पर गंभीर आरोप, कपल को गांजे के केस में फंसाने की दी धमकी, होटल संचालक ने किए रिश्वत के भी दावे

ग्वालियर में 3 और उज्जैन में 2.3 डिग्री तक पहुंच चुका है पारा

नवंबर में प्रदेश के कई शहरों में रिकॉर्ड ठंड भी पड़ चुकी है। ग्वालियर में 57 साल पहले न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं उज्जैन में 53 साल पहले पारा गिरकर 2.3 डिग्री तक पहुंच चुका है। भोपाल, इंदौर और जबलपुर में नवंबर के दौरान बारिश होने का पुराना ट्रेंड भी रहा है। इस बार महीने के शुरुआती दिनों से ही सक्रिय मौसम प्रणालियों के चलते तीसरे और चौथे सप्ताह में भी बारिश की संभावना बनी हुई है।