

Highlights:
MP के 17 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे पहुंचा।
अमरकंटक में 10.8 और करौंदी में 11.3 डिग्री दर्ज हुआ पारा।
भोपाल-जबलपुर में पचमढ़ी से भी ज्यादा ठंड।
अगले चार दिनों में 1 से 2 डिग्री तक गिर सकता है तापमान।
भोपाल-उज्जैन में AQI 400 के पार।
Madhya Pradesh Winter Forecast : मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। प्रदेश के 17 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। अमरकंटक और कटनी के करौंदी में रात का पारा 12 डिग्री से भी नीचे दर्ज किया गया। वहीं, भोपाल और जबलपुर में प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी से ज्यादा ठंड महसूस की जा रही है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की और गिरावट आने का अनुमान जताया है।
प्रदेश में सबसे कम तापमान अमरकंटक में दर्ज किया गया। यहां न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि कटनी के करौंदी में पारा 11.3 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। दमोह में 12 डिग्री, शहडोल के कल्याणपुर में 12.3 डिग्री और रायसेन में 12.6 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। बालाघाट के मलाजखंड में भी पारा 12.8 डिग्री पर पहुंच गया।
राजधानी भोपाल और जबलपुर में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी के 13.2 डिग्री तापमान से भी कम है। छिंदवाड़ा में भी पारा 13 डिग्री रहा। उमरिया में 13.4, मंडला और नौगांव में 13.6, रीवा में 13.8, इंदौर में 14, खजुराहो में 14.4 और सीधी में 14.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश के बाकी शहरों में पारा 15 डिग्री या इससे अधिक रहा।
मौसम केंद्र भोपाल के मुताबिक, अगले चार दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। नवंबर के दूसरे सप्ताह से ठंड का असर और तेज होने की संभावना है। खासकर ग्वालियर-चंबल संभाग में उत्तरी हवाओं के कारण रात के तापमान में तेजी से गिरावट आ सकती है।
नवंबर में टूट सकते हैं ठंड के रिकॉर्ड
नवंबर में प्रदेश के कई शहरों में कड़ाके की ठंड पड़ने का इतिहास रहा है। ग्वालियर में 57 साल पहले नवंबर महीने में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। वहीं, उज्जैन में 53 साल पहले रात का पारा 2.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। भोपाल, इंदौर और जबलपुर में नवंबर के दौरान बारिश का ट्रेंड भी रहा है। इस बार महीने के तीसरे और चौथे सप्ताह में मौसम प्रणाली सक्रिय होने पर बारिश की संभावना बन सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को प्रदेश के किसी भी जिले में आंधी या बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। पिछले एक सप्ताह से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर जारी था, लेकिन अब मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
मध्य प्रदेश में ठंड बढ़ने के साथ प्रदेश के शहरों में वायु प्रदूषण भी चिंता बढ़ा रहा है। दिवाली के बाद भोपाल और उज्जैन में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार पहुंच गया है। ऐसा पिछले पांच साल में तीसरी बार हुआ है। ग्वालियर, इंदौर, देवास, जबलपुर, मंडीदीप, सिंगरौली, पीथमपुर और कटनी समेत कई शहरों में भी प्रदूषण का स्तर बढ़ा है। रात 8 बजे के बाद शहरों में धुंध छाने लगती है, जबकि सुबह के समय हल्का कोहरा दिखाई दे रहा है।