मुरैना : ऑनलाइन गेम में ढाई लाख हारने के बाद रची खुद के अपहरण की साजिश, होटल में बैठकर परिवार से मांगी फिरौती

Morena Crime News : मुरैना में युवक ने ऑनलाइन गेम में ढाई लाख रुपये हारने के बाद खुद के अपहरण की साजिश रची। पुलिस ने दिल्ली के होटल से उसे सकुशल बरामद कर मामले का खुलासा किया।
Morena Fake Kidnapping Case
अपहरण की साजिश रचने वाला युवक और उसके परिजन (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Morena Fake Kidnapping Case: मुरैना जिले के बानमोर में सामने आए कथित अपहरण के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जिस युवक के अपहरण की कहानी ने पुलिस और परिजनों की चिंता बढ़ा दी थी, उसने ही खुद के अपहरण की साजिश रची थी। पुलिस ने युवक को दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित एक होटल से सकुशल बरामद कर लिया। जांच में सामने आया कि ऑनलाइन गेम में पिता के करीब ढाई लाख रुपये गंवाने के बाद उसने फिरौती की झूठी कहानी बनाई थी।

पुलिस के अनुसार, बानमोर के पवाया रोड निवासी 26 वर्षीय सोनू कुशवाह शुक्रवार सुबह घर से लापता हो गया था। कुछ समय बाद उसके मोबाइल से परिवार और दोस्तों को लगातार कॉल आने लगे। वह फोन पर रोते हुए कहता था कि बदमाशों ने उसे बंधक बना लिया है, मारपीट की है और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इसी दौरान व्हाट्सएप पर फिरौती मांगने वाले संदेश भी भेजे गए, जिसके बाद पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

दिल्ली के होटल में आराम से मिला युवक

मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस की टीम दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके पहुंची। यहां करीब 135 होटलों में तलाश के बाद रात करीब 12:30 बजे चौहान रेजीडेंसी होटल के कमरा नंबर-16 से सोनू को बरामद किया गया। पुलिस ने पाया कि वह आराम से कमरे में मोबाइल चला रहा था और वहीं से परिवार व दोस्तों को अपहरण और फिरौती की झूठी जानकारी दे रहा था। उसके शरीर पर मारपीट का कोई निशान नहीं मिला।

ऑनलाइन गेम में हारे पैसे छिपाने के लिए रची साजिश

पूछताछ में सोनू ने बताया कि वह अपने पिता के बैंक खाते का संचालन करता था। दिल्ली में काम करने के दौरान उसने ऑनलाइन गेम में करीब ढाई लाख रुपये हार दिए थे। घरवालों के सवालों से बचने के लिए उसने खुद के अपहरण की साजिश रची और यह झूठ भी फैलाया कि बदमाशों ने उसके खाते से रकम ट्रांसफर करा ली है। हालांकि पुलिस जांच में बैंक खातों से ऐसा कोई लेनदेन सामने नहीं आया।

CCTV और डिजिटल ट्रांजैक्शन से खुला राज

जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में सोनू मुरैना बैरियर पर घूमता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद वह आगरा गया और फिर दिल्ली पहुंच गया। बस कंडक्टर को फोन-पे से किए गए 150 रुपये के भुगतान और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस उसकी गतिविधियों तक पहुंची। वह होटल में 600 रुपये प्रतिदिन के किराए पर कमरा लेकर ठहरा हुआ था। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

https://youtu.be/7ZPTgaJhOSE?si=phNeV4M9zNDW1iKW

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com