

Morena Tiranga Yatra : ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत मुरैना में विशाल पैदल तिरंगा यात्रा निकाली गई। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में 1100 फीट लंबा तिरंगा आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। हजारों शहरवासियों ने हाथों में तिरंगा थामकर यात्रा में हिस्सा लिया। इस दौरान ‘जयहिंद’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा शहर गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा पंडित रामप्रसाद बिस्मिल संग्रहालय से शुरू हुई। यात्रा रामजानकी मंदिर, पुरानी जिला पंचायत, गर्ल्स स्कूल रोड, गोपीनाथ की पुलिया, महामाया मंदिर, रूई की मंडी, हनुमान चौराहा, पुल तिराहा और पुरानी कलेक्ट्रेट होते हुए वापस पंडित रामप्रसाद बिस्मिल संग्रहालय पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
यात्रा में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर सबसे आगे तिरंगा थामकर चले। उनके साथ महापौर शारदा सोलंकी, कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ और एसपी धर्मराज मीना सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। शहर की सड़कों पर जब एक किलोमीटर से अधिक लंबा तिरंगा लहराया तो लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह देश की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता, स्वाभिमान और गौरव का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने कहा कि देश की विविधताओं के बावजूद तिरंगा सभी को एक राष्ट्र के रूप में जोड़ता है और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है।
नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का काम करते हैं। साथ ही ऐसे आयोजनों से स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के बलिदान और राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने मुरैना में निकली विशाल तिरंगा यात्रा को राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रभक्ति की भावना का जीवंत उदाहरण बताया।
तिरंगा यात्रा में पूर्व मंत्री मुंशीलाल, गिर्राज डंडौतिया, पूर्व विधायक बलवीर डंडौतिया, रघुराज कंषाना, परशुराम मुदगल और राकेश मावई सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और शहरवासी शामिल हुए। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर लोगों में उत्साह नजर आया और जयहिंद के नारों से माहौल देशभक्तिमय बना रहा।