मुरैना के श्रीराम अस्पताल में पथरी के ऑपरेशन के 6 दिन बाद महिला की मौत, परिजनों ने किया हंगामा

Morena Hospital News : मुरैना के श्रीराम अस्पताल में पित्त की थैली की पथरी के ऑपरेशन के छह दिन बाद 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया।
Morena Shri Ram Hospital Protest
श्रीराम अस्पताल में परिजनों का हंगामाफोटो सोर्स- नवभारत
Published on
Updated on

Morena Shriram Hospital Woman Death : मुरैना के श्रीराम अस्पताल में पित्त की थैली में पथरी का ऑपरेशन कराने के छह दिन बाद 60 वर्षीय महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए उन्हें ग्वालियर रेफर किया, लेकिन ग्वालियर पहुंचने से पहले ही अस्पताल के गेट पर महिला की मौत हो गई। मौत के बाद परिजन शव लेकर वापस मुरैना पहुंचे और अस्पताल परिसर में हंगामा किया।

मामला नेहरू पार्क के पास स्थित श्रीराम अस्पताल का है। सिंगल बस्ती निवासी 60 वर्षीय राधाबाई पत्नी मूलचंद को पेट में दर्द की शिकायत थी। परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जांच के दौरान उनकी पित्त की थैली में पथरी सामने आई, जिसके बाद डॉक्टर अनुप गुप्ता ने 12 सितंबर को उनका ऑपरेशन किया था।

परिजनों का आरोप- ऑपरेशन के बाद शुरू हुई ब्लीडिंग

परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद राधाबाई को ब्लीडिंग शुरू हो गई थी। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती रखकर इलाज किया जा रहा था। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार को अचानक महिला की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए ग्वालियर जिला रेफर कर दिया।

ग्वालियर पहुंचने से पहले अस्पताल के गेट पर मौत

परिजन महिला को लेकर ग्वालियर के लिए रवाना हुए, लेकिन वहां अस्पताल पहुंचने के बाद इलाज शुरू होने से पहले ही उनकी मौत हो गई। परिजन शव लेकर वापस मुरैना के श्रीराम अस्पताल पहुंचे। इसके बाद उन्होंने अस्पताल परिसर में शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया और अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया।

पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची

हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम श्रीराम अस्पताल पहुंची। अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी। काफी देर की बातचीत के बाद परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हुए। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Morena Shri Ram Hospital Protest
MP Weather News: मानसून के आखिरी दौर में फिर बदलेगा मौसम, 4 दिन बारिश का दौर, प्रदेश में अब भी 6% कम पानी

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह

फिलहाल महिला की मौत को लेकर परिजनों की ओर से लगाए गए इलाज में लापरवाही के आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले में अस्पताल प्रबंधन की ओर से किसी लापरवाही की पुष्टि नहीं हुई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com