

Morena Seva Jyoti Yatra : मुरैना में जनसेवा, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को मुरैना कृषि उपज मंडी में विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना ने सेवा ज्योति प्रज्वलित कर जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के लिए सेवा ज्योति यात्राओं को रवाना किया। इस दौरान सांसद शिवमंगल सिंह तोमर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना ने सेवा ज्योति प्रज्वलित कर छह विधानसभा क्षेत्रों के लिए यात्राओं का शुभारंभ किया। इन यात्राओं के जरिए जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प का संदेश लोगों तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का वेबकास्ट के जरिए सीधा प्रसारण भी किया गया।
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य जनसेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि हर नागरिक का साझा संकल्प है। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी।
कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर सहभागी प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि सेवा ज्योति यात्राओं के माध्यम से सेवा संकल्प और विकसित भारत के संदेश को जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
मुरैना जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में सेवा ज्योति यात्रा पहुंचेगी। यात्रा के दौरान जनसेवा, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण से जुड़े संकल्पों के साथ वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संदेश आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम में विधायक सबलगढ़ सरला रावत, महापौर शारदा सोलंकी, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती गुर्जर, जिला पंचायत सीईओ कमलेश कुमार भार्गव, भाजपा जिला अध्यक्ष कमलेश कुशवाह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।