

Morena Road Accident : मुरैना में नेशनल हाईवे-44 पर गुरुवार शाम करीब साढ़े चार बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नूराबाद थाना क्षेत्र में जेके टायर फैक्ट्री के मुख्य गेट के पास कचरा वाहन से टकराने के बाद बाइक सवार चार लोग सड़क पर गिर गए।
इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने चारों को कुचल दिया। हादसे में देवर-भाभी और दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
जानकारी के अनुसार लोहगढ़ ग्राम पंचायत के भोजा का पुरा गांव निवासी 20 वर्षीय नीरज अपने देवर 18 वर्षीय सूरज के साथ बाइक से ग्वालियर के देहपुरा जा रही थी। उनके साथ नीरज की 8 वर्षीय छोटी बहन राजकुमारी और चाचा का 10 वर्षीय बेटा श्रीकांत भी बाइक पर सवार था। चारों एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ग्वालियर जिले की ओर जा रहे थे। बाइक सूरज चला रहा था।
बताया जा रहा है कि जेके टायर प्लांट के मुख्य गेट से थोड़ा आगे निकलने के बाद हाईवे किनारे चल रहे कचरा वाहन के चालक ने वाहन को अचानक मोड़ दिया। कचरा वाहन तिरछा होने के कारण पीछे से आ रही बाइक उससे टकरा गई। बाइक की रफ्तार अधिक होने की वजह से टक्कर लगते ही चारों सवार बाइक समेत हाईवे पर जा गिरे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चारों के हाईवे पर गिरते ही मुरैना की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा एक ट्रक वहां पहुंच गया। ट्रक ने सड़क पर गिरे चारों लोगों को कुचल दिया। हादसा इतना अचानक हुआ कि बाइक सवारों को संभलने या सड़क से उठने तक का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
चार लोगों की मौत की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे से आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर हंगामा करते हुए कुछ देर के लिए जाम लगा दिया। लोगों की मांग थी कि हादसे के बाद फरार हुए ट्रक चालक को जल्द पकड़ा जाए। पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति को संभाला गया और हाईवे पर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई गई।
पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नूराबाद अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में भी मृतकों के परिजन और बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। यहां लोगों ने हंगामा करते हुए फरार ट्रक चालक को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। हादसे की जानकारी के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
मुरैना हादसे में नूराबाद थाना पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश कर रही है। हादसे की परिस्थितियों को लेकर पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।