मुरैना की क्वारी नदी में बहे युवक का 24 घंटे बाद मिला शव, पगारा डैम में डूबे शख्स की तलाश जारी

Morena Quari River : मुरैना की क्वारी नदी में डूबे 20 वर्षीय सत्यम का शव 24 घंटे बाद SDERF ने बरामद किया। पगारा डैम में डूबे 42 वर्षीय सूरज कुशवाह की तलाश जारी है।
SDERF Team Recovers Body of Youth from Quari River
नदी में बहे युवक का मिला शवफोटो सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Morena River Drowning : मुरैना जिले में नदी और डैम में डूबने की दो अलग-अलग घटनाओं ने इलाके में चिंता बढ़ा दी है। दिमनी थाना क्षेत्र के बरेथा गांव में क्वारी नदी में नहाते समय बह गए 20 वर्षीय युवक सत्यम का शव करीब 24 घंटे बाद एसडीईआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया। वहीं जौरा के पगारा डैम में नहाते समय डूबे 42 वर्षीय सूरज कुशवाह का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिल सका। एसडीईआरएफ की टीम दोनों घटनाओं में लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।

पहली घटना दिमनी थाना क्षेत्र के बरेथा गांव की है। जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब दो बजे गांव के चार युवक क्वारी नदी में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान 20 वर्षीय सत्यम पुत्र अरविंद परमार नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते गहरे पानी में बह गया। दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण सत्यम का पता नहीं चल सका।

रविवार शाम से शुरू हुआ था रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। ग्वालियर से पहुंची एसडीईआरएफ टीम ने रविवार शाम से ही क्वारी नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया था। नदी में तेज बहाव और गहराई के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद टीम ने लगातार युवक की तलाश जारी रखी।

24 घंटे बाद नदी से बरामद हुआ सत्यम का शव

सोमवार सुबह एसडीईआरएफ की टीम ने दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब 24 घंटे की लगातार तलाश के बाद सोमवार दोपहर टीम को सफलता मिली और सत्यम का शव नदी से बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की। दिमनी थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पगारा डैम में डूबे सूरज का दूसरे दिन भी नहीं मिला सुराग

दूसरी घटना जौरा थाना क्षेत्र के पगारा डैम की है। यहां रविवार दोपहर 42 वर्षीय सूरज कुशवाह रिश्तेदारों के साथ नहाने के दौरान गहरे पानी में डूब गए थे। सूचना मिलने के बाद एसडीईआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर डैम में सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन सोमवार देर तक सूरज का कोई सुराग नहीं मिल सका। टीम ने डैम के अलग-अलग हिस्सों में तलाश की।

SDERF Team Recovers Body of Youth from Quari River
जन्म से दृष्टिबाधित सुनील लोधी की आवाज बनी पहचान, बुंदेली भजन वायरल, फिल्म ‘हनुमान अंश’ में मिला गाने का मौका

मंगलवार को फिर शुरू होगी सूरज की तलाश

सूरज कुशवाह की तलाश के लिए एसडीईआरएफ की टीम मंगलवार सुबह एक बार फिर पगारा डैम में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाएगी। लगातार दो दिनों में हुई इन घटनाओं के बाद नदी और डैम में नहाने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल भी खड़े हो रहे हैं। प्रशासन और पुलिस की ओर से लोगों से अपील की जा रही है कि तेज बहाव वाले नदी क्षेत्रों और गहरे पानी में जाने से बचें।

Navbharat Live
navbharatlive.com