

Morena NH-44 Accident: मुरैना में नेशनल हाईवे-44 यानी धौलपुर रोड पर तेज रफ्तार वाहनों का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार शाम हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्री की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक को टक्कर मारने के बाद सड़क पर गिरे पिता-पुत्री को कुचल दिया।
मृतकों की पहचान राजस्थान के धौलपुर जिले के सेंपऊ थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव निवासी 43 वर्षीय राजू परमार पुत्र सुघर सिंह परमार और उनकी 14 वर्षीय बेटी सोनिया परमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि राजू परमार अपनी बेटी सोनिया को राजस्थान सैपऊ थाना क्षेत्र के हाजीपुर से बाइक पर लेकर मुरैना में न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित अपने समधि के घर आ रहे थे। दोनों मुरैना शहर में प्रवेश कर चुके थे और उनकी बाइक आदित्य होटल के सामने हाईवे से गुजर रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पिता-पुत्री बाइक से सड़क पर जा गिरे। इसके बाद भी ट्रक की रफ्तार कम नहीं हुई और ट्रक ने दोनों को कुचल दिया। सड़क हादसा इतना भीषण था कि पिता-पुत्री की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को हाईवे पर ही छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर मुरैना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दी है। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है और अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
गौर करने वाली बात यह है कि हाईवे के इसी क्षेत्र में चार दिन के भीतर यह तीसरी मौत है। इससे पहले अतरसुमा के एक युवक की भी सड़क हादसे में जान जा चुकी है। लगातार हो रहे हादसों ने हाईवे पर तेज रफ्तार और यातायात सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।