

Highlights:
मुरैना में नेशनल हाईवे-44 पर चलती स्लीपर बस में लगी आग।
टायर गर्म होने से आग लगने की आशंका।
यात्रियों ने समय रहते बस से उतरकर बचाई जान।
दमकल ने मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू।
Morena Sleeper Bus Fire News : मुरैना में सोमवार सुबह नेशनल हाईवे-44 पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब धौलपुर से झांसी की ओर जा रही एक स्लीपर बस अचानक आग की चपेट में आ गई। बस में सवार यात्रियों को संभलने का मौका भी नहीं मिला। देखते ही देखते आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं और पूरी बस आग के गोले में तब्दील हो गई।
जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार सुबह करीब पौने चार बजे सिविल लाइन थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-44 स्थित एसआरडी कॉलेज के पास हुई। स्लीपर बस धौलपुर की ओर से झांसी जा रही थी। इसी दौरान बस के टायर अत्यधिक गर्म होने के कारण उनमें आग लगने की आशंका जताई जा रही है। शुरुआत में टायरों से धुआं और लपटें उठीं, लेकिन कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया।
चलती बस में आग फैलते ही यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। जान बचाने के लिए लोग जल्दबाजी में बस से नीचे उतरने लगे। आग की लपटें इतनी तेजी से बढ़ीं कि यात्रियों को अपना सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला। हालांकि, राहत की बात रही कि बस में सवार सभी यात्री समय रहते बाहर निकल आए। इस तरह एक बड़ा हादसा टल गया और किसी यात्री को जान नहीं गंवानी पड़ी।
घटना की सूचना मिलते ही मुरैना पुलिस और दमकल विभाग की टीमें सक्रिय हुईं। तीन थानों की FRV गाड़ियां और दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के लिए काफी मशक्कत की। काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक पूरी स्लीपर बस जलकर खाक हो चुकी थी। बस से उठती लपटों और धुएं के कारण हाईवे पर कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
बस में आग लगने के बाद उसके यात्रियों को दूसरी बसों के जरिए रवाना किया गया। भीषण आग के बावजूद किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। समय रहते यात्रियों के बस से बाहर निकलने और पुलिस-दमकल की टीमों के पहुंचने से स्थिति को संभाल लिया गया। फिलहाल आग लगने की वजह टायरों का गर्म होना बताई जा रही है।