मुरैना में सड़क पर आग का गोला बनकर दौड़ती रही लोडिंग गाड़ी, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
Morena Fire News: मुरैना के अंबाह रोड पर कतरन से भरी लोडिंग गाड़ी में अचानक आग लग गई। चालक की सूझबूझ से जलती गाड़ी को बाजार से बाहर ले जाकर बड़ा हादसा टाल दिया गया। वीडियो वायरल हो रहा है।
- Written By: प्रीतेश जैन
वाहन में लगी आग (फोटो सोर्स- नवभारत)
Morena Loading Vehicle Fire: मुरैना शहर के अंबाह रोड पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब कतरन से भरी एक लोडिंग गाड़ी में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि पूरी गाड़ी आग के गोले में तब्दील हो गई। हालांकि चालक की सूझबूझ और त्वरित निर्णय के चलते एक बड़ा हादसा होने से बच गया और कई लोगों की जान सुरक्षित रही।
जानकारी के अनुसार स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत अंबाह रोड से बड़ोखर की ओर जा रही लोडिंग गाड़ी ट्रांसफार्मर के पास पहुंची ही थी कि उसमें अचानक आग भड़क उठी। वाहन में दोना-पत्तल बनाने में इस्तेमाल होने वाली कतरन भरी हुई थी, जो अत्यधिक ज्वलनशील होने के कारण आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और सड़क पर धुएं का गुबार छा गया।
गाड़ी को भीड़भाड़ वाले इलाके से दूर ले गया ड्राइवर
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक ने घबराने के बजाय साहस और समझदारी का परिचय दिया। उसने जलती हुई गाड़ी को भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्र से बाहर निकालकर पास स्थित एक धुलाई सर्विस सेंटर तक पहुंचाया। इससे आग के आसपास की दुकानों, मकानों और लोगों तक फैलने का खतरा काफी हद तक टल गया। इसके बाद स्थानीय लोगों और सर्विस सेंटर के कर्मचारियों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
सम्बंधित ख़बरें
मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर डिंडौरी प्रशासन अलर्ट, नर्मदा डेम घाट पर हुआ मॉक ड्रिल का सफल प्रदर्शन
ब्रिक्स कृषि सम्मेलन: मंत्रियों की बैठक में हुआ मंथन, छोटे किसानों और वैश्विक खाद्य सुरक्षा पर होगा मंथन
इंदौर में व्यापारी से लूट: हम पुलिस हैं कहकर रुकवाया, 30 लाख से भरा बैग लेकर आरोपी फरार
मीनाक्षी नटराजन की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज, कांग्रेस ने नामांकन रद्द करने को बताया गैरकानूनी
वायरल हो रहा वीडियो
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि चालक समय रहते गाड़ी को बाजार से बाहर नहीं ले जाता तो आग आसपास के वाहनों और दुकानों तक पहुंच सकती थी, जिससे बड़ा आर्थिक नुकसान और जनहानि हो सकती थी। घटना के दौरान कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से जलती हुई लोडिंग गाड़ी का वीडियो रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ये भी पढ़ें : भोपाल में पटाखा दुकान में भीषण आग, एक के बाद एक कई धमाकों से दहला बैरागढ़ रोड, लाखों का सामान जलकर हुआ खाक
चालक की हो रही तारीफ
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों ने चालक की सूझबूझ और हिम्मत की सराहना करते हुए कहा कि उसकी समझदारी ने एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।
