मुरैना के नेशनल हाईवे 44 पर चल रहा था देह व्यापार, कान्हा पैलेस में पुलिस रेड, 3 युवतियां और एक युवक पकड़ाए

Morena Crime News : मुरैना के NH-44 स्थित कान्हा पैलेस में कथित देह व्यापार की सूचना पर पुलिस ने रेड की। तीन युवतियों और एक युवक को पकड़ा गया, जबकि सात लोगों पर केस दर्ज हुआ।
Police Raid at Kanha Palace
पुलिस गिरफ्त में आरोपी(फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Morena Kanha Palace Raid : मुरैना के नेशनल हाईवे-44 स्थित कान्हा पैलेस में कथित देह व्यापार की सूचना पर पुलिस ने सोमवार दोपहर छापामार कार्रवाई की। नगर पुलिस अधीक्षक दीपाली चंदौरिया के नेतृत्व में कोतवाली, स्टेशन रोड और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने पैलेस में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन युवतियों और एक युवक को पकड़ा, जबकि पुलिस की टीम को देखते ही कुछ लोग मौके से भाग निकले।

दरअसल, पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा को सूचना मिली थी कि सैयद नहर के पास स्थित कान्हा पैलेस में देह व्यापार की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना में कथित तौर पर पैलेस प्रबंधन की सहमति से युवतियों को बुलाने और ग्राहकों की मांग पर उपलब्ध कराने की बात सामने आई थी। इसके बदले ग्राहकों से रकम लिए जाने की जानकारी पुलिस को मिली थी।

तीन युवतियां और कथित एजेंट पकड़ा गया

सूचना के आधार पर एसपी ने नगर पुलिस अधीक्षक दीपाली चंदौरिया को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे पुलिस टीम ने कान्हा पैलेस में दबिश दी। पुलिस ने मौके से तीन युवतियों के साथ कथित एजेंट सोनू राठौर निवासी इस्लामपुरा को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, दबिश के दौरान तीन से चार लोग मौके से फरार हो गए।

सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज

पुलिस ने इस मामले में कुल सात लोगों के खिलाफ देह व्यापार से संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। फरार आरोपियों की पहचान और उनके पते की जानकारी पुलिस ने जुटा ली है। अब पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है। मामले में पैलेस की भूमिका और कथित गतिविधियों से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

10 दिन पहले कृष्णा पैलेस में हुई थी कार्रवाई

गौरतलब है कि करीब 10 दिन पहले मुड़ियाखेड़ा बाईपास स्थित कृष्णा पैलेस से स्टेशन रोड थाना पुलिस एक युवती को सुरक्षा में थाने लेकर आई थी। उस मामले में पांच लोगों के खिलाफ दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज किया गया था। उस समय नेशनल हाईवे से जुड़े होटल और पैलेसों में संदिग्ध गतिविधियों की आशंका को लेकर भी पुलिस को जानकारी दी गई थी।

Police Raid at Kanha Palace
इंदौर के झलारिया में सनसनीखेज वारदात: पत्नी की हत्या के बाद दो बच्चों को तालाब में फेंका, बेटी की मौत

पुलिस की निगरानी में हाईवे के होटल-पैलेस

कान्हा पैलेस में हुई ताजा कार्रवाई के बाद नेशनल हाईवे-44 पर संचालित होटल और पैलेसों में संदिग्ध गतिविधियों को लेकर पुलिस की निगरानी पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com