मुरैना: कैलारस शक्कर मिल पर नया सियासी घमासान, विधायक पंकज उपाध्याय और मुरैना कलेक्टर के बीच आर-पार की जंग

Kailaras Sugar Mill Controversy: कैलारस शक्कर मिल को लेकर विधायक और कलेक्टर आमने-सामने, मुरैना कलेक्टर के बयान से भड़के जौरा विधायक पंकज उपाध्याय; पत्र लिखकर मांगी सार्वजनिक खेद की मांग।
Pankaj Upadhyay clashes with Morena Collector over Kailaras sugar mill
कैलारस शक्कर मिल पर नया सियासी घमासान(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Pankaj Upadhyay vs Morena Collector: कैलारस शक्कर मिल को चालू कराने को लेकर शुरू हुआ आंदोलन अब जौरा विधायक पंकज उपाध्याय और मुरैना कलेक्टर के बीच बयानबाजी तक पहुंच गया है। कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के उस बयान पर विधायक उपाध्याय ने नाराजगी जताई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि मिल चालू करने का शासन स्तर पर फैसला विधायक के अनशन से पहले ही हो चुका था और इसकी जानकारी उन्हें पहले ही दे दी गई थी।

विधायक ने कलेक्टर को पत्र लिखकर अपने बयान पर खेद व्यक्त करने की मांग की है। ऐसा नहीं करने पर विधानसभा में विशेषाधिकार हनन का मामला उठाने और न्यायालय में मानहानि का दावा करने की चेतावनी दी है।

डेढ़ दशक से बंद पड़ी है कैलारस शक्कर मिल

जानकारी के अनुसार डेढ़ दशक से बंद कैलारस शक्कर मिल को चालू कराने की मांग को लेकर कांग्रेस विधायक पंकज उपाध्याय ने 15 अगस्त से मिल परिसर में आमरण अनशन शुरू किया था। इसी बीच 21 अगस्त की शाम सोशल मीडिया पर शासन के कुछ दस्तावेज सामने आए, जिनमें कैलारस शक्कर मिल को दोबारा शुरू करने के लिए निजी कंपनियों और निवेशकों से रुचि की अभिव्यक्ति यानी ईओआई जारी किए जाने की जानकारी सामने आई। इन दस्तावेजों के सामने आने के बाद विधायक पंकज उपाध्याय ने 22 अगस्त को अपना आमरण अनशन समाप्त कर दिया और इसे अपने आंदोलन की जीत बताया।

मुरैना कलेक्टर ने मीडिया के सामने दिया बड़ा बयान

इसी बीच मुरैना जिले के कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ का मीडिया को दिया गया एक बयान सामने आया। कलेक्टर ने कहा था कि कैलारस शक्कर मिल को चालू करने का शासन का फैसला विधायक के अनशन से पहले ही हो चुका था और इसकी जानकारी विधायक उपाध्याय को अनशन शुरू करने से पहले ही दे दी गई थी। कलेक्टर के इसी बयान से विधायक पंकज उपाध्याय नाराज हैं। फिलहाल दिल्ली के अस्पताल में उपचार करा रहे विधायक ने सोमवार सुबह कलेक्टर के नाम दो पन्नों का पत्र लिखा और इसे अपने फेसबुक अकाउंट पर साझा किया, जिसके बाद पत्र सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

Pankaj Upadhyay clashes with Morena Collector over Kailaras sugar mill
रविवार को अचानक रीवा पहुंचे CM मोहन यादव, बाढ़ प्रभावितों से की मुलाकात; राहत कार्यों में तेजी के निर्देश

जौरा विधायक ने पत्र में क्या लिखा

पत्र में जौरा विधायक पंकज उपाध्याय ने कलेक्टर पर निर्वाचित जनप्रतिनिधि की अनदेखी करने और मीडिया के माध्यम से उनकी मानहानि करने का आरोप लगाया है। विधायक ने लिखा है कि उन्होंने 15 अगस्त से आमरण अनशन की जानकारी कलेक्टर को पत्र के माध्यम से दी थी, लेकिन उन्हें उसका लिखित जवाब नहीं दिया गया। विधायक ने यह भी कहा है कि शक्कर मिल को लेकर उन्होंने कलेक्टर को कई पत्र लिखे, लेकिन उनका जवाब नहीं मिला। उन्होंने इसे निर्वाचित जनप्रतिनिधि के विशेषाधिकार से जोड़ते हुए विधानसभा में विशेषाधिकार हनन का मामला उठाने की बात कही है।

विधायक ने कलेक्टर के बयान पर व्यक्त किया खेद

विधायक ने कलेक्टर के बयान पर खेद व्यक्त करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि कलेक्टर ने अपने बयान पर खेद व्यक्त नहीं किया तो वह विधानसभा में विशेषाधिकार हनन का मामला दर्ज कराने के साथ न्यायालय में मानहानि का दावा भी करेंगे। विधायक ने पत्र में कलेक्टर पर भाजपा के प्रवक्ता की तरह व्यवहार करने का आरोप भी लगाया है। वहीं, इस पूरे विवाद के बाद कैलारस शक्कर मिल को लेकर शुरू हुआ आंदोलन अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में बदलता नजर आ रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com