

Morena Jailor Threat : मुरैना जिला जेल के जेलर सुनित कुमार शर्मा को हत्या समेत कई मामलों में फरार चल रहे कुख्यात बदमाश कल्ली गुर्जर ने फोन पर जान से मारने की धमकी दी है। धमकी मिलने के बाद जेलर ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस से अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग भी की है।
जेलर सुनित कुमार शर्मा के मुताबिक, उनके मोबाइल पर एक नंबर से फोन आया था। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को बरवासिन गांव निवासी कल्ली पुत्र नत्थी गुर्जर बताया। बातचीत के दौरान उसने जेल में बंद अपने भाइयों को लेकर जेलर से बात की।
मुरैना जेल के जेलर के अनुसार, कॉल करने वाले ने बताया कि उसका भाई जोगेंद्र गुर्जर पहले से मुरैना जिला जेल में बंद है, जबकि दूसरा भाई सचिन गुर्जर धौलपुर जेल से मुरैना जेल भेजा गया है। आरोप है कि कल्ली गुर्जर ने बातचीत के दौरान जेल प्रशासन की कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई।
शिकायत के मुताबिक, कल्ली गुर्जर ने जेलर से कहा कि उसके भाई जोगेंद्र की बैरक क्यों बदली गई। उसने कथित तौर पर धमकी दी कि अगर जेल में उसके भाइयों को परेशान किया गया तो वह जेलर की हत्या कर देगा। फोन पर मिली इस धमकी के बाद जेलर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को शिकायत दी।
जेलर की शिकायत के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने कल्ली गुर्जर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने धमकी देने और शासकीय कार्य में बाधा डालने से जुड़ी धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब शिकायत में बताए गए फोन नंबर और कॉल से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, कल्ली गुर्जर हत्या समेत कई आपराधिक मामलों में फरार चल रहा है। धमकी की घटना सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। वहीं, जेलर सुनित कुमार शर्मा ने अपनी सुरक्षा को लेकर पुलिस से सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। मुरैना पुलिस मामले की जांच के साथ आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।