मुरैना में कांग्रेस का प्रदर्शन, कार्यकर्ताओं ने CEC ज्ञानेश कुमार का 10 सिर वाला पुतला फूंका

Gyanesh Kumar Effigy Burn : मुरैना में दशहरे पर कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का 10 सिर वाला रावणनुमा पुतला जलाया। पुलिस की तैनाती के बावजूद कार्यकर्ताओं ने बीच बाजार में प्रदर्शन किया।
Morena Congress workers burn a ten-headed effigy of CEC Gyanesh Kumar
मुरैना में कांग्रेस का प्रदर्शनफोटो सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • मुरैना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार का 10 सिर वाला रावणनुमा पुतला जलाया।

  • पुलिस ने पुरानी कलेक्ट्रेट और आसपास के इलाकों में दो दर्जन से ज्यादा जवान तैनात किए थे।

  • कांग्रेस का दावा है कि जिला मुख्यालय पर 20 दिनों में तीसरी बार पुतला दहन किया गया।

  • पार्टी के मुताबिक, पिछले 12 दिनों में ब्लॉक स्तर पर 23 बार पुतला जलाया गया।

  • ग्रामीण जिला अध्यक्ष मधुराज सिंह तोमर ने कहा कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक प्रदर्शन जारी रहेगा।

Morena Congress Protest : मुरैना में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। विजयादशमी के दिन मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार का रावणनुमा 10 सिर वाला पुतला बनाकर मुख्य बाजार के पुल चौराहे पर जला दिया।

पुतला दहन रोकने के लिए पुलिस ने भारी संख्या में जवान तैनात किए थे, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस को चकमा देकर बाजार तक पहुंच गए।

पुतला छीनने में नाकाम रही पुलिस

पुलिसकर्मियों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पुतला छीनकर प्रदर्शन रोकने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। पुतले में आग लगने के बाद दो पुलिसकर्मी पानी लेकर पहुंचे, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें भी रोक दिया। इस तरह पुलिस की तैनाती के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता बीच बाजार में पुतला दहन करने में कामयाब रहे।

पुरानी कलेक्ट्रेट के आसपास तैनात थे पुलिसकर्मी

ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के ऐलान के बाद पुलिस अलर्ट हो गई थी। पुरानी कलेक्ट्रेट और आसपास के इलाकों में दो दर्जन से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था, ताकि पुतला दहन रोका जा सके। हालांकि, मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे कांग्रेस कार्यकर्ता रैली के रूप में पहुंचे और पुरानी कलेक्ट्रेट से पहले ही मुख्य बाजार के पुल चौराहे पर पुतला जला दिया।

20 दिन में तीसरी बार पुतला दहन का दावा

मुरैना में प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस ने कहा कि जिला मुख्यालय पर पिछले 20 दिनों में तीसरी बार मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला जलाया गया है। इससे पहले 30 सितंबर और 8 अक्टूबर को भी ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया था। पार्टी के मुताबिक, पिछले 12 दिनों में ब्लॉक स्तर पर भी 23 बार पुतला दहन किया जा चुका है।

मधुराज सिंह तोमर ने ज्ञानेश कुमार को बताया कलयुग का रावण

कांग्रेस के ग्रामीण मुरैना जिला अध्यक्ष मधुराज सिंह तोमर ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए उन्हें लोकतंत्र का हत्यारा और कलयुग का रावण बताया। उन्होंने कहा कि दशहरे पर बुराई के प्रतीक रावण का दहन किया जाता है। कांग्रेस ने इसी प्रतीकात्मक विरोध के जरिए मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ अपना आक्रोश जताया है।

Morena Congress workers burn a ten-headed effigy of CEC Gyanesh Kumar
Exclusive: इंदौर पुलिस के शस्त्रागार में हैं कौन-कौन से हथियार? INSAS से AK-47 तक, नवभारत के साथ जानिए खासियत

इस्तीफा होने तक प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान

मधुराज सिंह तोमर ने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक कांग्रेस का प्रदर्शन जारी रहेगा। इस प्रदर्शन में शहर जिला अध्यक्ष गजेंद्र जाटव, पूर्व जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा, जितेंद्र डंगस, विक्रमराज मुदगल और हरीश पाठक समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Navbharat Live
navbharatlive.com