मुरैना में कुएं में मिला 35 वर्षीय युवक का शव, 14 दिन से था लापता, भाई ने गांव के दो युवकों पर लगाए आरोप

Morena Missing Man Death : मुरैना के जौरा स्थित बिलगांव में पुराने कुएं से 35 वर्षीय राजू रजक का शव मिला। युवक एक नवंबर से लापता था। भाई ने गांव के दो युवकों पर मारपीट और धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
35 Year Old Man Found Dead in Well in Morena
मौके पर पहुंची पुलिस, कुएं में तैरता युवक राजू का शव फोटो सोर्स - नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Highlights :

  • मुरैना के जौरा स्थित बिलगांव के पुराने कुएं में मिला युवक का शव।

  • मृतक की पहचान 35 वर्षीय राजू रजक के रूप में हुई।

  • राजू एक नवंबर से लापता था, लेकिन गुमशुदगी दर्ज नहीं कराई गई थी।

  • भाई ने गांव के दो युवकों पर मारपीट और धमकी देने के आरोप लगाए।

Morena Youth Dead Body Found in Well : मुरैना जिले के जौरा कस्बे के पास बिलगांव में रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक पुराने कुएं में युवक का शव मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने SDRF की मदद से शव को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान 35 वर्षीय राजू रजक के रूप में हुई है जो एक नवंबर से लापता था। हैरानी की बात ये है कि परिजनों ने उसके लापता होने की शिकायत पुलिस में दर्ज नहीं कराई थी। अब मृतक के भाई ने गांव के ही दो युवकों पर मारपीट और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने इन आरोपों को भी जांच में शामिल करने की बात कही है।

पुराने कुएं में मिला युवक का शव

मुरैना जिले में जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह बिलगांव के ग्रामीणों ने बड़वारी नाम के पुराने कुएं में एक युवक का शव देखा और पुलिस को सूचना दी। कुआं काफी गहरा होने और उसमें पानी भरा होने के कारण शव निकालना आसान नहीं था। पुलिस ने मौके पर SDRF की टीम को बुलाया। टीम ने काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला। मृतक की पहचान बिलगांव निवासी राजू रजक पुत्र पप्पू रजक के रूप में हुई।

भाई ने दो युवकों पर मारपीट और धमकी देने के आरोप लगाए

मृतक के भाई जंडेल रजक का आरोप है कि 27 अक्टूबर को गांव के ही दो युवकों ने राजू के साथ मारपीट की थी। इसके बाद उसे धमकियां भी दी जा रही थीं। भाई के मुताबिक मारपीट की घटना के कुछ दिन बाद राजू एक नवंबर को अचानक घर से लापता हो गया। हालांकि परिजनों ने न तो उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई और न ही मारपीट या धमकी को लेकर पुलिस में कोई शिकायत की थी। अब शव मिलने के बाद भाई ने दोनों युवकों के खिलाफ आरोप लगाए हैं।

नशे का आदी था मृतक

पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक राजू नशे का आदी था और पहले भी घर में फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास कर चुका था। पुलिस का मानना है कि संभव है इसी वजह से परिजनों ने उसके लापता होने को गंभीरता से नहीं लिया हो। शुरुआती अनुमान के अनुसार शव चार से पांच दिन पुराना हो सकता है। हालांकि मौत की असल वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

35 Year Old Man Found Dead in Well in Morena
जीतू पटवारी का बड़ा दवा : कांग्रेस के संपर्क में बीजेपी के 600 से ज्यादा नेता, जल्द कर सकते हैं जॉइन

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

मुरैना पुलिस जौरा थाना प्रभारी टीआई छत्रपाल सिंह भैंस के मुताबिक मृतक के भाई ने मारपीट के आरोप लगाए हैं और पुलिस इस पहलू से भी जांच करेगी। राजू के लापता होने या उसके साथ मारपीट होने की पहले कोई शिकायत पुलिस को नहीं मिली थी। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर मर्ग कायम कर लिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि राजू की मौत कुएं में गिरने से हुई या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी।