मुरैना में शराब के विवाद के बाद फौजी ने लाइसेंसी पिस्टल से पत्नी को मारी गोली, मौके पर हुई मौत

Morena Crime News : मुरैना के अंबाह में छुट्टी पर आए सेना के जवान पर पत्नी की लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। शराब को लेकर हुए विवाद के बाद वारदात हुई।
Morena Army Jawan Wife Murder
आर्मी जवान ने पत्नी की हत्या की(फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Morena Army Jawan Wife Murder: मुरैना जिले के अंबाह कस्बे में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। छुट्टी पर घर आए सेना के एक जवान पर अपनी पत्नी की लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शराब पीने और देर रात तक दोस्तों के साथ घूमने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर गुस्से में वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी फौजी के साथ उसके माता-पिता के खिलाफ भी हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना अंबाह कस्बे के खजूरी रोड स्थित गली नंबर-4 की है। यहां रहने वाला सोहन सिंह उर्फ सोनू सिकरवार भारतीय सेना में पदस्थ है और वर्तमान में अहमदाबाद में तैनात बताया जा रहा है। वह छुट्टी पर अपने घर आया हुआ था। रात करीब 10 बजे उसकी पत्नी रानी सिंह से कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि सोहन शराब पीकर देर रात घर लौटता था, जिसका रानी विरोध करती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

दोस्त के सामने हुआ विवाद, सिर में मारी गोली

जानकारी के अनुसार, रानी अपने मायके में भतीजे के जन्मदिन समारोह में जाना चाहती थी, लेकिन पति उसे नहीं ले गया। इस बात पर दोनों के बीच बहस हो गई। उस समय सोहन का एक दोस्त भी घर के बाहर मौजूद था। आरोप है कि पत्नी द्वारा शराब पीने और दोस्तों के साथ घूमने की बात पर नाराजगी जताने से सोहन गुस्से में आ गया और उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से रानी के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही रानी की मौके पर ही मौत हो गई।

दहेज हत्या का आरोप, थाने में हंगामा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इधर मृतका के परिजनों ने दहेज के लिए हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए थाने में जमकर हंगामा किया। परिजनों ने कुछ समय तक पोस्टमार्टम भी नहीं होने दिया। बाद में पुलिस ने आरोपी सोहन सिंह के साथ उसकी मां और पिता के खिलाफ भी हत्या का मामला दर्ज कर लिया।

ये भी पढ़ें : बंडा में नशे ने ले ली मासूम की जान: 3 साल के मासूम पर गिरा शराबी पिता, दम घुटने से हुई मौत

सात साल की बेटी हुई मां से दूर

रानी और सोहन की शादी वर्ष 2017 में हुई थी। दोनों की सात वर्षीय बेटी छवि है। घटना के बाद बच्ची को उसके नाना-नानी अपने साथ ले गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com