

ABVP Leader Virendra Singh Solanki Targets Opposition: मुरैना में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की प्रांत कार्यकारिणी बैठक से पहले संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. बीरेन्द्र सिंह सोलंकी ने मुरैना में पत्रकार वार्ता की। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थी परिषद को छात्रों के हित में काम करने वाला संगठन बताया और अन्य छात्र संगठनों पर राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने का आरोप लगाया।
डॉ. बीरेन्द्र सिंह सोलंकी ने कहा कि विद्यार्थी परिषद शिक्षा में बदलाव और विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार काम कर रहा है। उन्होंने एनएसयूआई समेत अन्य छात्र संगठनों पर निशाना साधते हुए कहा कि इन संगठनों का ध्यान विद्यार्थी हितों के बजाय अपने राजनीतिक हित साधने पर है।
पत्रकार वार्ता के दौरान सोलंकी ने हाल ही में इंदौर में हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कार्यक्रम का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में छात्रों की आवाज उठाने का दावा किया गया, लेकिन वहां लड़कियां नाच रही थी , मनोरंजन और अन्य गतिविधियों के जरिए भीड़ जुटाने की कोशिश की गई। उन्होंने कार्यक्रम में कथित तौर पर की गई टिप्पणियों को लेकर भी आपत्ति जताई।
नीट के मुद्दे पर भी सोलंकी ने विद्यार्थी परिषद की भूमिका का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि परिषद ने सबसे पहले नीट से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन किया था। उन्होंने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। सोलंकी ने कहा कि इस संगठन का उद्देश्य छात्रों की समस्याएं उठाना नहीं, बल्कि आंदोलन के जरिए अराजकता फैलाना और राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाना था। उन्होंने आंदोलन के दौरान दुबई से पिज्जा मंगाए जाने का दावा करते हुए सवाल उठाया कि विदेश में बैठे लोगों का छात्र आंदोलन से क्या संबंध था।
जेन-जी को लेकर भी सोलंकी ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि देश का जेन-जी विद्यार्थी परिषद के साथ है और इसके लिए उन्होंने हाल ही में हुए दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के परिणामों का उदाहरण दिया। डीयू छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी ने चार केंद्रीय पदों में से तीन पर जीत दर्ज की थी, जबकि उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन विजयी हुए थे।सोलंकी ने जंतर-मंतर पर हुई भीड़ को लेकर भी कहा कि उसे जेन-जी की भीड़ नहीं माना जा सकता। उनके मुताबिक वहां पहुंचे लोग मनोरंजन के लिए आए थे।
मुरैना जिले में विद्यार्थी परिषद की प्रांत कार्यकारिणी बैठक 22 और 23 सितंबर को आयोजित हो रही है। इसी बैठक में शामिल होने के लिए विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. बीरेन्द्र सिंह सोलंकी मुरैना पहुंचे हैं। पत्रकार वार्ता के दौरान संगठन के प्रांत मंत्री केतन चतुर्वेदी भी मौजूद रहे।