कैलारस-वीरपुर मेमू सेवा शुरू: थरा गांव में स्टेशन की मांग को लेकर रेलवे ट्रैक पर बैठे ग्रामीण, रोकी ट्रेन

Thara Village Train Protest : मुरैना में कैलारस-वीरपुर मेमू ट्रेन सेवा शुरू हुई। जौरा के थरा गांव में स्टेशन और स्टॉपेज की मांग को लेकर ग्रामीणों ने लाल झंडे दिखाकर ट्रेन रोक दी।
Villagers stop MEMU train demanding railway station
ग्रामीणों ने रोकी ट्रेन(फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Gwalior Sheopur Broad Gauge Train : ग्वालियर-श्योपुर ब्राडगेज रेल परियोजना के तहत कैलारस से वीरपुर और सबलगढ़ के लिए यात्री ट्रेन सेवा शुरू हो गई। कैलारस रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद शिवमंगल सिंह तोमर ने मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर वर्चुअली जुड़े। हालांकि, ट्रेन सेवा शुरू होने के साथ ही जौरा क्षेत्र में स्टेशन और स्टॉपेज की मांग को लेकर ग्रामीणों का विरोध भी सामने आया।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि ग्वालियर-श्योपुर ब्राडगेज परियोजना करीब 188 किलोमीटर लंबी है और इसकी लागत लगभग 3,128 करोड़ रुपये है। मंगलवार से कैलारस से वीरपुर तक करीब 56 किलोमीटर रेल लाइन पर यात्री सेवा शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि रेलवे गरीब और मध्यम वर्ग की प्रमुख सवारी है। इस परियोजना से ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी और रोजगार, व्यापार एवं क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।

सीएम बोले- विकास की नई संभावनाओं का खुलेगा रास्ता

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कैलारस से वीरपुर तक मेमू सेवा शुरू होना केवल नई रेल सुविधा नहीं, बल्कि ग्वालियर-चंबल अंचल के विकास की नई संभावनाओं का द्वार है। इससे वीरपुर, सबलगढ़ और आसपास के गांवों के लोगों का ग्वालियर समेत अन्य प्रमुख शहरों तक आवागमन आसान होगा। उन्होंने कहा कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी से विद्यार्थियों को शिक्षा, युवाओं को रोजगार, किसानों को बाजार और व्यापारियों को नए अवसर मिलेंगे।

सिंधिया ने जल्द श्योपुर तक ट्रेन पहुंचने का दिया भरोसा

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर-श्योपुर रेल लाइन के इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि नैरोगेज रेल लाइन की नींव उनके दादाजी ने रखी थी। उन्होंने बताया कि ग्वालियर-आगरा रेल लाइन के लिए भी उस दौर में उनके दादाजी ने 75 लाख रुपये दिए थे। सिंधिया ने कहा कि ग्वालियर-श्योपुर ब्राडगेज लाइन को वर्ष 2012 में उन्होंने स्वीकृत करवाया था। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही मेमू ट्रेन श्योपुर तक पहुंचेगी। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि क्षेत्रवासियों ने ब्राडगेज लाइन के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया है और अब वर्षों पुरानी आकांक्षा पूरी हुई है।

थरा गांव में स्टेशन-स्टॉपेज की मांग को लेकर रोकी ट्रेन

एक ओर कैलारस में नई यात्री सेवा शुरू होने का जश्न मनाया जा रहा था, वहीं दूसरी ओर जौरा के पास थरा गांव में ग्रामीणों ने एक यात्री ट्रेन रोक दी। ग्रामीणों ने लाल झंडे दिखाकर ट्रेन रुकवाई और बड़ी संख्या में रेलवे ट्रैक पर बैठ गए। उनकी मांग है कि थरा गांव के पास रेलवे स्टेशन बनाया जाए और ट्रेनों का स्टॉपेज दिया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि नैरोगेज लाइन के समय थरा में स्टेशन और ट्रेनों का ठहराव था, लेकिन ब्राडगेज लाइन में इसे खत्म कर दिया गया।

30 मिनट तक रेलवे ट्रैक पर चला प्रदर्शन

ग्रामीणों का प्रदर्शन करीब 11:45 बजे शुरू हुआ और दोपहर 12:15 बजे तक चला। सूचना मिलने पर जीआरपी कर्मचारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश दी। इसके बाद ग्रामीण रेलवे ट्रैक से हटे। प्रदर्शन के दौरान सरपंच के लेटरहेड पर डीआरएम के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया। ग्रामीणों ने स्टेशन और ट्रेन स्टॉपेज की मांग जल्द पूरी करने की मांग की है।

Villagers stop MEMU train demanding railway station
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे की मिट्टी में चांदी के सिक्के मिलने की खबर, डोंगरपुर लोधा में खुदाई के लिए जुटा गांव

ट्रेन रुकने से यात्रियों को हुई परेशानी

ग्रामीणों के प्रदर्शन के कारण ट्रेन कुछ समय के लिए प्रभावित रही, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जौरा जाने वाले कई यात्रियों को ट्रेन से उतरकर निजी वाहनों और बसों के जरिए अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। इस घटना ने नई रेल सेवा के साथ स्थानीय स्तर पर स्टॉपेज और स्टेशन की जरूरत को भी सामने ला दिया है। अब ग्रामीणों की मांग पर रेलवे प्रशासन क्या निर्णय लेता है, इस पर सबकी नजर है।

Navbharat Live
navbharatlive.com