मंदसौर पहुंचे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का किया दौरा, आज गुजरात के लिए होंगे रवाना

Delhi Mumbai Expressway Inspection: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के निरीक्षण के दौरान मंदसौर पहुंचे। उन्होंने निर्माण कार्यों की समीक्षा की। आज वे रतलाम होते हुए गुजरात जाएंगे।
Nitin Gadkari Mandsaur Visit
नितिन गडकरी का स्वागत (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Nitin Gadkari Mandsaur Visit: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेसवे की प्रगति का जायजा लेने के लिए दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस निरीक्षण यात्रा के तहत बुधवार देर रात वे मध्यप्रदेश के मंदसौर पहुंचे, जहां रूपरा सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम किया। गुरुवार को वे रतलाम होते हुए गुजरात के बड़ौदा के लिए रवाना होंगे और रास्ते में अधूरे निर्माण कार्यों का निरीक्षण करेंगे।

जानकारी के अनुसार केंद्रीय मंत्री का यह दौरा दिल्ली से शुरू हुआ। उन्होंने दिल्ली से अलवर, बूंदी और कोटा तक एक्सप्रेसवे के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया। इस दौरान राजस्थान में स्थित एक्सप्रेसवे की सबसे बड़ी मुकुंदरा सुरंग का भी अवलोकन किया और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

सर्किट हाउस में नितिन गडकरी का स्वागत

देर रात मंदसौर पहुंचने पर रूपरा सर्किट हाउस में उनका स्वागत किया गया। यहां क्षेत्रीय विधायक चंद्र सिंह सिसोदिया, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह डंग सहित भाजपा के कई नेताओं ने केंद्रीय मंत्री से मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र में सड़क परियोजनाओं और विकास कार्यों को लेकर भी चर्चा हुई।

आज गुजरात के बड़ौदा रवाना होंगे केंद्रीय मंत्री

गुरुवार को नितिन गडकरी रतलाम के रास्ते गुजरात के बड़ौदा के लिए रवाना होंगे। यात्रा के दौरान वे थांदला और दाहोद के बीच एक्सप्रेसवे के अधूरे हिस्सों का निरीक्षण करेंगे और अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेंगे। माना जा रहा है कि इस निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों में तेजी लाने और समयसीमा के भीतर परियोजना पूरी करने को लेकर आवश्यक निर्देश भी दिए जा सकते हैं।

एक्सप्रेसवे से दिल्ली और मुंबई के बीच यात्रा का समय होगा कम

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे देश की सबसे महत्वाकांक्षी सड़क परियोजनाओं में से एक है। इसके पूरा होने के बाद दिल्ली और मुंबई के बीच यात्रा का समय काफी कम होगा, साथ ही मध्यप्रदेश, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में व्यापार, परिवहन और औद्योगिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

https://youtube.com/shorts/JOzb97vRCIA?si=kcKIYLO1tJoXpWEg

Navbharat Live
navbharatlive.com