भोपाल: जीतू पटवारी के वेयरहाउस को लेकर फिर गरमाई सियासत, निगम अध्यक्ष संजय नगायच ने किया पलटवार

Sanjay Nagayach Statement : जीतू पटवारी के वेयरहाउस को लेकर सियासत फिर तेज हो गई है। वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉरपोरेशन के अध्यक्ष संजय नगायच ने पटवारी के बयान पर पलटवार करते हुए कई सवाल उठाए।
Jitu Patwari Warehouse Controversy
संजय नगायच (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Jitu Patwari Warehouse Controversy: मध्यप्रदेश में वेयरहाउसों को लेकर छिड़ा राजनीतिक विवाद एक बार फिर तेज हो गया है। इस बार मध्य प्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉरपोरेशन के अध्यक्ष संजय नगायच ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के हालिया बयान पर पलटवार करते हुए कई सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि वेयरहाउस को लेकर दिए गए पटवारी के बयान और वास्तविक स्थिति में विरोधाभास नजर आता है।

संजय नगायच ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि जब उन्होंने पहले जीतू पटवारी से जुड़े वेयरहाउस का निरीक्षण किया था, तब उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि निरीक्षण के दौरान कमियों की ओर ध्यान दिलाने पर सहयोग करने के बजाय अहंकारपूर्ण रवैया अपनाया गया। हालांकि, बाद में उन्हीं कमियों को दूर कर लिया गया।

कथनी और करनी में विरोधाभास

नगायच ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी का यह कहना कि सरकार उनके वेयरहाउस खाली करा दे, कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने पूछा कि यदि वास्तव में वेयरहाउस खाली कराना ही उद्देश्य था, तो फिर निगम द्वारा बताए गए मानकों और आवश्यक सुधारों को पूरा कर इसकी सूचना क्यों दी गई। उनके मुताबिक, यह पूरे मामले में विरोधाभासी स्थिति को दर्शाता है।

समान नियमों और मानकों पर काम करता है कॉरपोरेशन

उन्होंने कहा कि वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन सभी गोदामों के लिए एक समान नियमों और निर्धारित मानकों के आधार पर काम करता है। किसी भी वेयरहाउस का निरीक्षण, अनुबंध या संचालन तय प्रक्रिया के अनुसार किया जाता है और इसमें किसी प्रकार का राजनीतिक भेदभाव नहीं किया जाता।

कांग्रेस की प्रतिक्रिया का इंतजार

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में सरकारी अनाज भंडारण, वेयरहाउस आवंटन और भंडारण व्यवस्था को लेकर सियासी बयानबाजी तेज है। सत्ता पक्ष और विपक्ष लगातार एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। इसी बीच संजय नगायच के ताजा बयान ने इस राजनीतिक विवाद को और हवा दे दी है। अब इस मामले में कांग्रेस की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है, इस पर भी राजनीतिक हलकों की नजर बनी हुई है। फिलहाल वेयरहाउस विवाद प्रदेश की राजनीति में चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है।

https://youtu.be/qqPoyjpidL0?si=1X8HgFuITwabI7KM

Navbharat Live
navbharatlive.com