मंदसौर में तांत्रिक गिरोह का पर्दाफाश, नोटों की बारिश और गड़े खजाने का झांसा देकर लाखों की ठगी, 4 गिरफ्तार

Mandsaur Crime News : मंदसौर में नोटों की बारिश और गड़ा खजाना निकालने का झांसा देकर ठगी करने वाले कथित तांत्रिक गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
Mandsaur Tantrik Fraud Case
पुलिस गिरफ्त में आरोपी (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Mandsaur Tantrik Fraud Case: मंदसौर जिले में ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां कथित तांत्रिकों के एक गिरोह ने नोटों की बारिश कराने, जमीन में दबा करोड़ों रुपये का खजाना निकालने और रकम दोगुनी करने का झांसा देकर एक व्यक्ति से लाखों रुपये की ठगी कर ली। मामले का खुलासा करते हुए अफजलपुर पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि कुछ अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार रतलाम जिले के चिकलाना निवासी गोपाल धाकड़ को आरोपियों ने अपने जाल में फंसाया। आरोपियों ने खुद को तांत्रिक बताकर दावा किया कि विशेष पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के माध्यम से नोटों की बारिश कराई जा सकती है। साथ ही जमीन में दबे पुराने खजाने को निकालने और पैसों को दोगुना करने का लालच भी दिया गया।

जंगल में रचा पूजा-पाठ का नाटक

इसके बाद आरोपियों ने फरियादी को विश्वास में लेने के लिए कुएं और जंगल में पूजा-पाठ का पूरा नाटक रचा। जमीन से अंबे माता की मूर्ति निकालकर 51 दिन की पूजा के बाद गड़ा हुआ धन मिलने का भरोसा दिलाया गया। इसके बाद भूत-प्रेत का डर दिखाकर फरियादी को वहां से दूर कर दिया गया।

नोटों की पोटली में निकली सिर्फ 20-20 रुपये की गड्डियां

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने फरियादी को एक पोटली दी, जिसमें नोटों की गड्डियां होने का दावा किया गया था। फरियादी जब पोटली लेकर घर पहुंचा और उसे खोला तो उसमें सिर्फ 20-20 रुपये के नोटों की गड्डियां मिलीं। इसके बाद उसे अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ और उसने पुलिस में FIR दर्ज कराई।

पुलिस जांच में सामने आई कथित तांत्रिक की असली पहचान

शिकायत मिलने के बाद अफजलपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि खुद को तांत्रिक बताने वाला आरोपी अपनी असली पहचान छिपाकर लोगों को गुमराह कर रहा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी नबीनुर खुद को गोपाल बताकर ठगी के इस खेल को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पृथ्वीराज, कमलेश, नबीनुर और अफसर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 51 हजार रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल, तांत्रिक सामग्री, विशेष वेशभूषा, माला और अंबे माता की मूर्ति बरामद की गई है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

मंदसौर पुलिस के मुताबिक इस गिरोह से जुड़े कंवरलाल समेत अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस अब गिरोह के पूरे नेटवर्क, ठगी की रकम और इससे जुड़े अन्य मामलों की जानकारी जुटाने में लगी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल ने बताया कि मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com