

Mandsaur Doda Chura Smuggling: मंदसौर जिले में मल्हारगढ़ पुलिस ने डोडाचूरा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए 173 किलो से अधिक अवैध मादक पदार्थ जब्त किया है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए बोलेरो वाहन में फिल्म 'पुष्पा' की तर्ज पर सीक्रेट केबिन तैयार कर रखे थे, जिनमें डोडाचूरा छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की बोलेरो में अवैध मादक पदार्थ की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर मल्हारगढ़-जीरन रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका गया। शुरुआती जांच में वाहन सामान्य दिखाई दिया, लेकिन पुलिस को संदेह होने पर जब वाहन की गहन तलाशी ली गई तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि पुष्पा स्टाइल में बोलेरो की छत और पीछे की सीट के नीचे विशेष रूप से वेल्डिंग कर गुप्त केबिन तैयार किए गए थे। इन केबिनों को खोलने पर उनमें भारी मात्रा में पिसा हुआ डोडाचूरा छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने वाहन से कुल 173 किलो से अधिक डोडाचूरा बरामद किया, जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, मामले में शामिल दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
मंदसौर पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जब्त किया गया डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसे किस क्षेत्र में सप्लाई किया जाना था। अधिकारियों का मानना है कि इसके पीछे एक बड़ा तस्करी नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। मल्हारगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।