मंदसौर में बड़ा ट्रेन हादसा टला: पटरी से उतरा मालगाड़ी का डिब्बा, 3 घंटे तक बाधित रहा रेल यातायात

Goods Train Derailment: दलौदा रेलवे स्टेशन के पास मालगाड़ी का डिब्बा पटरी से उतर गया। हादसे के चलते 3 घंटे तक रेल यातायात बाधित रहा। ट्रैक चेंजिंग पोजीशन में गड़बड़ी की आशंका है, जिसका जांच जारी है।
Mandsaur Train Accident
दुर्घटनाग्रस्त हुई मालगाड़ी (फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Mandsaur Train Accident: मंदसौर जिले के दलौदा रेलवे स्टेशन के पास एक मालगाड़ी का डिब्बा पटरी से उतर गया। यह हादसा उस समय हुआ, जब दलौदा से मंदसौर तक तैयार किए गए नए रेलवे ट्रैक पर निरीक्षण कार्य चल रहा था। घटना के बाद रेल यातायात प्रभावित हो गया और दोनों दिशाओं की कई ट्रेनें प्रभावित रहीं।

हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन सक्रिय हो गया। रतलाम से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (ART) और तकनीकी टीम को मौके पर भेजा गया। इसके बाद ट्रैक को दोबारा शुरू करने के लिए राहत और मरम्मत कार्य शुरू किया गया। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान करीब तीन घंटे तक रेलवे ट्रैक पूरी तरह बंद रहा।

ट्रायल से ठीक पहले हादसा

जानकारी के मुताबिक मंदसौर-नीमच रेलवे दोहरीकरण परियोजना के तहत दलौदा से मंदसौर तक लगभग 14 किलोमीटर का ट्रैक हाल ही में तैयार हुआ है। वर्तमान में इस ट्रैक का सीआरएस निरीक्षण चल रहा है और शुक्रवार को यहां स्पीड ट्रायल भी प्रस्तावित था। ऐसे में ट्रायल से ठीक पहले हुए इस हादसे ने रेलवे की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ट्रैक चेंजिंग पोजीशन में हो सकती है गड़बड़ी

प्रारंभिक जानकारी में ट्रैक चेंजिंग पोजीशन में गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है। सामने आए वीडियो में एक इंजन ट्रैक पर खड़ा दिखाई दे रहा है और मालगाड़ी के डिब्बे से टक्कर के संकेत भी नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि ट्रैक बदलने की प्रक्रिया में तकनीकी गड़बड़ी के चलते दोनों गाड़ियों को एक ही ट्रैक पर डाल दिया गया, जिसके कारण पीछे से आए इंजन की टक्कर से मालगाड़ी का डिब्बा डिरेल हो गया।

अधिकारियों ने सिर्फ डिब्बे के डिरेल होने की पुष्टि की

हालांकि रेलवे अधिकारियों ने फिलहाल केवल डिब्बे के पटरी से उतरने की पुष्टि की है। हादसे की असली वजह और घटनाक्रम को लेकर अधिकारी खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। माना जा रहा है कि समय रहते स्थिति नियंत्रित नहीं होती तो हादसा और भी बड़ा हो सकता था। रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और तकनीकी कारणों की पड़ताल की जा रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com