

MP के 71वें स्थापना दिवस पर मंडला में खेल और उत्साह का अनूठा नजारा देखने को मिला।
कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने ग्रामीण महिलाओं के साथ कबड्डी खेली।
मंत्री ने बताया कि वह स्कूली दिनों में राज्य स्तरीय कबड्डी खिलाड़ी रह चुकी हैं।
Sampatiya Uikey Played Kabaddi in Mandla: मंडला में मध्य प्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर मंडला में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में उत्साह, उमंग और खेल भावना का अनूठा नजारा देखने को मिला। समारोह के दौरान कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके और कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने खिलाड़ियों के बीच पहुंचकर न केवल उनका उत्साह बढ़ाया, बल्कि खुद खेल मैदान में उतरकर खेलों के प्रति अपनी रुचि भी प्रदर्शित की।
मंडला के पंडित दीनदयाल उपाध्याय इनडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने ग्रामीण महिलाओं के साथ कबड्डी खेली। मंत्री को अपने बीच कबड्डी खेलते देख महिलाओं और मौजूद लोगों में खासा उत्साह नजर आया। इस दौरान उन्होंने अपने स्कूली दिनों की यादें साझा करते हुए बताया कि कबड्डी उनका पसंदीदा खेल रहा है और वे राज्य स्तरीय खिलाड़ी भी रह चुकी हैं।
वहीं, मंडला जिला कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे भी खेल के रंग में रंगे नजर आए। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ वॉलीबॉल खेलकर उनका उत्साहवर्धन किया। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की इस खेल सहभागिता ने मैदान में मौजूद युवाओं और खिलाड़ियों को खासा प्रेरित किया।
समारोह के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 'प्रोजेक्ट संधान' का शुभारंभ किया गया। इस पहल के माध्यम से ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत आयोजित क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया। विजेताओं को ट्रैक्टर, बुलेट बाइक और ई-स्कूटर प्रदान किए गए। पुरस्कार पाकर विजेताओं के चेहरे खिल उठे। इस अवसर पर मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि प्रदेश की युवा शक्ति ही मध्य प्रदेश का स्वर्णिम भविष्य है। युवाओं को खेल, शिक्षा और विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए निरंतर अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने खेलों को स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
मध्य प्रदेश स्थापना दिवस का यह आयोजन केवल उत्सव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने और युवाओं में नई ऊर्जा का संचार करने का भी माध्यम बना।