मैहर के मार्कण्डेय आश्रम में बड़ा हादसा: नदी में नहाने गए तीन युवक डूबे, 2 युवकों को बचाया, एक की तलाश जारी

Maihar News : मैहर के मार्कण्डेय आश्रम में नदी में नहाने गए तीन युवक डूब गए। दो युवकों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक युवक लापता है। पुलिस, गोताखोर और NDRF की मदद से सर्च ऑपरेशन जारी है।
Maihar Markandeya Ashram Drowning
तलाशी अभियान (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Maihar Markandeya Ashram Drowning : मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। रामनगर थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध मार्कण्डेय आश्रम के पास नदी में नहाने गए तीन युवक गहरे पानी में डूबने लगे। स्थानीय लोगों की तत्परता से दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक युवक लापता हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। युवक की तलाश के लिए एनडीआरएफ (NDRF) को भी सूचना दी गई है।

जानकारी के अनुसार, लापता युवक रीवा के चोरहटा क्षेत्र का रहने वाला है और अपने मामा के घर रामनगर एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने आया था। कार्यक्रम के दौरान वह अपने दो साथियों के साथ मार्कण्डेय आश्रम के पास स्थित नदी में नहाने चला गया।

2 युवकों को बचाया, एक लापता

बताया जा रहा है कि नहाते समय तीनों युवक अचानक नदी के गहरे हिस्से में पहुंच गए, जिससे वे पानी में डूबने लगे। युवकों को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने बिना देर किए बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि तीसरा युवक तेज बहाव और गहरे पानी में लापता हो गया।

गोताखोरों ने शुरू की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की गई। प्रशासन ने खोज अभियान को तेज करने के लिए एनडीआरएफ को भी सूचना भेजी है। पुलिस, गोताखोर और स्थानीय प्रशासन की टीम लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है।

सावधानी बरतने की अपील

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लापता युवक गुप्ता परिवार का सदस्य बताया जा रहा है। हालांकि मैहर पुलिस ने अभी उसकी औपचारिक पहचान सार्वजनिक नहीं की है। प्रशासन ने लोगों से नदी और जलाशयों में नहाने के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि युवक की तलाश जारी है और सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com