छतरपुर के सिलगांव में मचा हड़कंप: स्कूल परिसर में फटा बम, दो मासूम छात्र गंभीर रूप से घायल

Student Injured In Blast : छतरपुर के सिलगांव प्राथमिक स्कूल में जिंदा बम फटने से दो मासूम छात्र गंभीर घायल हो गए हैं। स्कूल परिसर में कई दिनों से विस्फोटक पड़ा था, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
Chhatarpur School Bomb Blast
धमाके में घायल बच्चा (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Chhatarpur School Bomb Blast: छतरपुर जिले के चंदला थाना क्षेत्र के सिलगांव गांव से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां प्राथमिक विद्यालय परिसर में पड़े एक जिंदा बम के फटने से दो मासूम छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाके के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। वहीं स्कूल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और लापरवाही को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, 22 जून को गांव के प्राथमिक विद्यालय परिसर में एक बारात रुकी हुई थी। बताया जा रहा है कि बारात में शामिल कुछ लोगों के पास विस्फोटक सामग्री थी, जिसमें से एक जिंदा बम स्कूल परिसर में ही रह गया। बारात वापस जाने के बाद यह विस्फोटक कई दिनों तक स्कूल परिसर में लावारिस पड़ा रहा, लेकिन इसकी जानकारी किसी को नहीं हो सकी।

खेलते वक्त बम में हुआ धमाका

24 जून को स्कूल खुलने के बाद बच्चे पढ़ाई के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान 8 वर्षीय कालका दीन और उसका साथी राहुल खेलते हुए स्कूल परिसर में चले गए। खेलते समय बच्चों को एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। मासूम बच्चे उसे खिलौना समझकर उठाकर स्कूल की पुरानी बिल्डिंग की तरफ ले गए। इसी दौरान वस्तु के साथ छेड़छाड़ करने पर अचानक जोरदार धमाका हो गया।

दोनों मासूम गंभीर रूप से घायल

धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज आसपास के इलाकों तक सुनाई दी। विस्फोट में स्कूल भवन को भी नुकसान पहुंचा और दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाके की आवाज सुनकर शिक्षक और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। दोनों घायल बच्चों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि स्कूल परिसर की नियमित जांच की जाती और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होते तो इस हादसे को टाला जा सकता था।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच

लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर कई दिनों तक स्कूल परिसर में जिंदा बम पड़ा रहा और किसी को इसकी भनक तक क्यों नहीं लगी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस बारात में शामिल लोगों, विस्फोटक सामग्री के स्रोत और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल जिला प्रशासन की ओर से भी स्कूल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जांच की जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com