बागेश्वर धाम से लौट रही SUV की ट्रक से जोरदार टक्कर, 4 लोगों की मौत, CM मोहन ने जताया शोक

मध्य प्रदेश के विदिशा में आज शनिवार तड़के एक SUV के ट्रक से टकराने से उसमें सवार चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए हैं। हादसे पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दुख जताया है।
बागेश्वर धाम से लौट रही SUV की ट्रक से जोरदार टक्कर, 4 लोगों की मौत, CM मोहन ने जताया शोक
(डिज़ाइन फोटो)
Published on: 
Updated on: 

विदिशा: मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में आज शनिवार तड़के एक SUV के ट्रक से टकराने से उसमें सवार राजस्थान के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए हैं। मामले पर पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना लातेरी थाना क्षेत्र में ब्यावरा-बीना राजमार्ग पर तड़के करीब चार बजे हुई।

मिली जानकारी के अनुसार राजस्थान के झालावाड़ से सात महिलाओं समेत 10 लोगों का एक समूह तीर्थयात्रा से लौट रहा था, तभी उनकी SUV एक ट्रक से टकरा गई। इस दुर्घटना में दो महिलाओं और दो पुरुषों की मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान किशनलाल लोढ़ा (60), विनोद कुमार माली (34), वर्दी बाई लोढ़ा (70) और राजबाई भील (48) के रूप में हुई है। उस हादसे पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दुख जताया है। उन्होंने ‘X' पर एक पोस्ट में कहा, “विदिशा जिले के लटेरी ब्लॉक में बागेश्वर धाम से लौटते समय सड़क दुर्घटना में राजस्थान के झालावाड़ जिले के चार लोगों की मौत का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। जिला प्रशासन को गंभीर रूप से घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।”

इसके साथ ही CM यादव ने कहा कि, मध्य प्रदेश सरकार दुख की इस घड़ी में मृतकों के परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पीड़ितों के परिजनों को उचित आर्थिक सहायता प्रदान करेगी।

जानकारी दें कि, बीते 5 सितंबर को राजस्थान में ऐसे ही चूरू जिले के दूधवा खारा थाना इलाके के चारणों की ढाणी के पास सड़क हादसा हो गया था। यहां खाटूश्यामजी से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बस को ट्रक ने टक्कर मार दी थी। हादसे में एक महिला की मौत हो गई। वहीं चार लोग घायल हो गए थे।

बीते बुधवार देर रात NH 52 पर चारणों की ढाणी व दूधवाखारा के बीच कुबेर होटल के सामने सड़क से दूर किनारे पर श्रद्धालुओं की एक बस खड़ी थी। कुछ श्रद्धालु बस के पास बैठे थे और कुछ होटल में गए थे। तभी चूरू की ओर से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बस को पीछे की साइड से टक्कर मारी। इस हादसे में एटा उतरप्रदेश निवासी 50 वर्षीय कमलेश देवी की मौत हो गई थी। वहीं हादसे में घायलों को तुरन्त डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुंचाया गया था।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com