

Khandwa Congress Protest: सोशल मीडिया पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की कथित एआई से तैयार की गई भ्रामक तस्वीर और सामग्री प्रसारित किए जाने के विरोध में रविवार को जिला कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी भवन से सिटी कोतवाली तक पैदल मार्च निकालकर पुलिस अधीक्षक अगम जैन के नाम थाना प्रभारी प्रवीण आर्य को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट की तकनीकी जांच कर दोषी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि सोशल मीडिया पर एआई तकनीक का इस्तेमाल कर राहुल गांधी की कथित भ्रामक तस्वीर और असत्य सामग्री प्रसारित की गई है। उनका आरोप है कि इसका उद्देश्य राहुल गांधी की छवि धूमिल करना और आम लोगों के बीच भ्रम फैलाना है। कांग्रेस ने ज्ञापन में संबंधित फेसबुक आईडी और पोस्ट की तकनीकी जांच कर पोस्ट करने वाले व्यक्ति की पहचान करने की मांग की है।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि यदि पोस्ट करने वाला व्यक्ति अपने दावों के समर्थन में कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर पाता है, तो उससे सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मंगवाई जाए। यदि वह माफी देने से इनकार करता है तो उसके खिलाफ प्रचलित कानूनी प्रावधानों के तहत एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर) प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि एआई तकनीक का दुरुपयोग कर नेताओं और आम नागरिकों की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे मामलों में समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में इस तरह की घटनाएं बढ़ सकती हैं। उन्होंने पुलिस से संबंधित यूआरएल और सोशल मीडिया खातों की गहन जांच करने की मांग की।
कांग्रेस नेता डॉ. मुनीश मिश्रा ने कहा कि राहुल गांधी के संबंध में सोशल मीडिया पर झूठी और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित की गई है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सोशल मीडिया पर एआई के माध्यम से भ्रामक सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।