

Cruise Accident Video: जबलपुर के बरगी डैम में डूबे क्रूज का हादसे से चंद मिनट पहले का वीडियो सामने आया है। वीडियो में पर्यटक मौज-मस्ती करते हुए नजर आ रहे हैं और कुछ देर बाद अचानक तेज हवाएं चलने लगती हैं और क्रूज पानी में समा जाता है।
गुरुवार शाम को नर्मदा पर बने बरगी डैम में सैलानी क्रूज सफारी का मजा ले रहे थे। हादसे से चंद मिनट पहले एक पर्यटक द्वारा कैमरे में कैद किया गया वीडियो सामने आया है। वीडियो में पर्यटक गानों पर झूमते हुए नजर आ रहे हैं।
महिलाएं और बच्चे क्रूज सफारी एन्जॉय कर रहे थे, लेकिन इसी दौरान तेज हवाएं चलने लगीं। ऐसे में पर्यटक क्रूज के कैबिन में चले गए, जो उनकी सबसे बड़ी गलती साबित हुई। तेज हवाओं के चलते क्रूज में तेजी से पानी भरा और वह डूब गया। कैबिन में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे शामिल थे, जिन्हें बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला।
क्रूज के अपर डेक पर मौजूद लोग पानी में छलांग लगाकर किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे। साथ ही दूसरे क्रूज की मदद से पानी में गिरे लोगों को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन क्रूज के कैबिन में फंसे लोगों को नहीं निकाला जा सका और वे नर्मदा में समा गए।
हादसे के बाद चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में अब तक 9 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक हादसे के वक्त क्रूज में कुल 43 लोग सवार थे, जिनमें से 28 को बचा लिया गया है। अब भी कुछ लापता हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और पर्यटन मंत्री मौके पर पहुंचे हैं। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया है।