Jabalpur News: नाम बदलकर लड़कियों को फंसाने वाला शातिर अपराधी गिरफ्तार, बेंगलुरु से लाया गया जबलपुर

Jabalpur Crime News: जबलपुर में मैट्रिमोनियल साइट के जरिए महिलाओं को फंसाकर दुष्कर्म और ब्लैकमेल करने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने बेंगलुरु से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पहले से मामले दर्ज हैं।
Jabalpur Matrimonial Fraud Case
पुलिस गिरफ्त में आरोपी (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Jabalpur Matrimonial Fraud Case: जबलपुर में महिला थाना पुलिस ने एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो अलग-अलग नामों का इस्तेमाल कर मैट्रिमोनियल साइट के जरिए महिलाओं को फंसाता था, उनके साथ दुष्कर्म करता था और फिर नग्न फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेलिंग कर पैसे ऐंठता था। आरोपी की पहचान आदित्य उर्फ पंकज उर्फ दिव्यांशु उर्फ ओमप्रकाश के रूप में हुई है।

मार्च 2026 में जबलपुर की एक युवती ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई। युवती ने बताया कि उसका एक मैट्रिमोनियल साइट पर आदित्य नामक युवक से संपर्क हुआ। खुद को बिजनेसमैन बताने वाले आरोपी ने जबलपुर आकर होटल में युवती से मुलाकात की। तीन दिन तक होटल में रहकर उसने युवती का विश्वास जीता और शादी का प्रस्ताव दिया। युवती सहमत हो गई, लेकिन आरोपी ने इसी का फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

आरोपी ने शुरू किया ब्लैकमेलिंग का खेल

घटना के बाद आरोपी वहां से चला गया और शादी का वादा करके लौटने का आश्वासन दिया। कुछ समय बाद उसने युवती को व्हाट्सएप पर उसके नग्न फोटो और वीडियो भेजकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया तथा पैसे की मांग की। युवती डर गई और परिवार को बताया, जिसके बाद पुलिस में दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोपी ने फिर युवती से संपर्क किया और कटनी आने की जानकारी दी। युवती ने अपने भाई और पुलिस की मदद से कटनी जाने का प्लान बनाया।

पुलिस ने बिछाया जाल, ट्रेन में पकड़ा

जबलपुर-कटनी ट्रेन में आरोपी युवती से मिलने उसके कोच में पहुंचा तो पुलिस ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। बाद में उसे जबलपुर लाया गया। शुरुआती पूछताछ में आरोपी को नोटिस देकर छोड़ दिया गया था, लेकिन उसके दस्तावेजों की जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए। उसके पास अलग-अलग नामों के आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद हुए। इस खुलासे के बाद पुलिस ने दोबारा मामले की जांच शुरू की। पुलिस को आशंका हुई कि आरोपी ने अन्य राज्यों में भी ऐसी घटनाएं को अंजाम दिया होगा। लोकेशन ट्रेसिंग के आधार पर आरोपी को बेंगलुरु से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर जबलपुर लाया गया।

पुराना अपराधी, पत्नी भी सहआरोपी

जबलपुर पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपी ने अब अपना नाम ओमप्रकाश बताया है। उसके पास 10वीं और 12वीं की मार्कशीट भी बरामद हुई हैं, जिसमें वह जबलपुर के गढ़ा स्थित एक स्कूल का छात्र बताया गया है। करीब चार साल पहले 2022 में गोराबाजार थाने में इसी तरह के दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का केस उसके खिलाफ दर्ज है, जिसमें उसकी पत्नी रेनू भी सहआरोपी है। पुलिस आरोपी की पूरी गतिविधियों की जांच कर रही है और अन्य पीड़ितों की तलाश में जुटी हुई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com