

Jabalpur EOW Raid Pola Rao: जबलपुर में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने नगर निगम के प्रभारी सहायक स्वास्थ्य अधिकारी पोला राव के खिलाफ माननीय न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त कर उनके ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई की।
प्रारंभिक जांच में अधिकारी के नाम पर एक फ्लैट, करीब 10 हजार वर्गफुट का भूखंड, आंध्र प्रदेश में खरीदी गई कृषि भूमि, चार दोपहिया वाहन और एक चार पहिया वाहन होने की जानकारी सामने आई है।
सुबह सुबह ईओडब्ल्यू के अधिकारी पोला राव के विजय नगर स्थित निवास पर पहुंचे और जांच शुरू की। इस दौरान अचल संपत्ति के अलावा बैंक खातों, बीमा पॉलिसियों और नकद लेन-देन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। फिलहाल बरामद संपत्तियों का मूल्यांकन जारी है और जांच एजेंसियां आय और संपत्ति के बीच असमानता का आकलन कर रही हैं।
पोला राव जबलपुर नगर निगम का चर्चित नाम है क्योंकि पोला राव आंध्रप्रदेश का रहने वाले है और कई सालों से जबलपुर नगर निगम स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ है। जबलपुर नगर निगम स्वास्थ्य विभाग भ्रष्टाचार में आकंठ डूबा है, शहर में चारों तरफ वार्डों में गंदगी फैली है लेकिन महापौर और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी सबकुछ ठीक बता रहे हैं, बीते सप्ताह हुई आधे घंटे की बारिश ने ही नालियों और सड़कों में लगे कचरे के ढेरों को सड़कों पर फैला दिया था लेकिन महापौर कहते रहे कि सब ठीक है और नगर निगम भ्रष्टाचार से मुक्त है।
पोला राव के खिलाफ हुई ईओडब्ल्यू की रेड के बाद अब दबी जुबान में नगर के कर्मचारी और आउटसोर्स कर्मचारी भी कह रहे हैं कि यदि सही ढंग से जांच की गई और लिंक जोड़ी गई तो नगर निगम के कई अधिकारी और जनप्रतिनिधियों के भ्रष्टाचार की पोल खुल जाएगी हालांकि ऐसा होने के चांसेज कम हैं।