

Jabalpur Bargi Dam Cruise Accident: मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में गुरुवार शाम एक बड़ी घटना घटी। जहां तेज हवा और तूफान के बीच पर्यटकों से भरा एक क्रूज डूब गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह घटना खमरिया टापू के पास हुआ। घटना का शिकार हुए क्रूज में 30 से अधिक लोग सवार थे। इनमें से करीब 15 लोग खुद तैरकर डैम से बाहर निकल चुके हैं। घटना की सूचना मिलते ही जबलपुर जिला प्रशासन की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई है और रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया है।
मौके पर मौजूद चश्मदीद के मुताबिक, क्रूज हर रोज की तरह आज भी पर्यटकों को लेकर डैम का सैर कर रहा था। इसी दौरान अचानक उठी तेज हवा और तूफान ने क्रूज के संतुलन को बिगाड़ दिया और क्रूज डैम के अंदर भरे पानी में डूब गया। फिलहाल मौके से 4 शव बरामद किए गए हैं, जिसमें दो महिलाएं हैं। हालांकि, इस घटना में मरने वालों के संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है। अधिकारिक रूप से मृतकों की संख्या को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
हादसे की सूचना मिलते जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, अचानक आए तूफान की वजह से क्रूज चालक को संभलने का मौका नहीं मिला। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, अभी 11 लोगों के लापता होने की जानकारी है। फिलहाल प्राथमिकता लापता लोगों को जल्द से जल्द ढूंढने की है।
राज्य सरकार के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने इस हादसे पर प्रतिक्रिया देते हुए एक्स पर लिखा कि जबलपुर के बरगी डैम में खमरिया टापू के पास पर्यटकों से भरे क्रूज के डूबने की अत्यंत दु:खद सूचना मिली है। कलेक्टर समेत स्थानीय प्रशासन से चर्चा कर राहत और बचाव कार्य संबंधी आवश्यक निर्देश दिए हैं। मैं स्वयं भी नई दिल्ली से जबलपुर एयरपोर्ट पहुंचते ही घटना स्थल के लिए रवाना हो चुका हूं।
एसडीआरएफ की टीम भी रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए मौके पर पहुंच चुकी है। इस मुश्किल घड़ी में हम सभी प्रभावित परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोक संतप्त परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!'