बारिश में पातालपानी में जान से खिलवाड़ पड़ा भारी, रेलिंग फांदने वालों पर पुलिस ने दिखाई सख्ती

Patalpani Safety:मानसून के दौरान पातालपानी जलप्रपात पर सुरक्षा रेलिंग पार कर सेल्फी और रील बनाने वाले पर्यटकों पर पुलिस ने सख्ती दिखाई। युवकों से उठक-बैठक लगवाकर चेतावनी दी गई।
Indore Rural Police warn and punish tourists after they crossed safety railings at Patalpani Waterfall, risking their lives for selfies and social media reels during the monsoon season.
पुलिस के निर्देश न मानने वालो से लगवाई गयी उठक बैठक
Published on: 
Updated on: 

Indore Tourists Punished: मानसून के दौरान पातालपानी जलप्रपात पर बढ़ती पर्यटकों की भीड़ के बीच सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। पातालपानी पिकनिक स्पॉट पर कई युवक सुरक्षा रेलिंग पार कर खाई, चट्टानों और नदी के किनारे तक पहुंच गए, जहां वे सेल्फी और रील बनाने में व्यस्त थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को सुरक्षित वापस लाकर सार्वजनिक रूप से उठक-बैठक लगवाई तथा दोबारा ऐसा करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।

रेलिंग पार कर पहुंचे खतरनाक इलाके में

डीएसपी उमाकांत चौधरी ने बताया कि कुछ पर्यटक सुरक्षा रेलिंग फांदकर खाई के बेहद करीब पहुंच गए थे। कुछ लोग बहती नदी के बीच चट्टानों पर बैठकर फोटो खिंचवा रहे थे, जबकि कुछ युवक नदी पार कर पहाड़ी के दूसरे छोर तक भी पहुंच गए। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला और समझाइश दी कि सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।

मानसून में अचानक बढ़ जाता है जलस्तर

पातालपानी पहाड़ी नदी क्षेत्र है, जहां बारिश के दौरान जलस्तर अचानक बढ़ जाता है। ऐसे में नदी या चट्टानों पर मौजूद लोगों को सुरक्षित निकलने का मौका तक नहीं मिलता। स्थानीय लोगों के अनुसार पूर्व में भी अचानक आए तेज बहाव में लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद हर साल पर्यटक चेतावनियों को नजरअंदाज करते दिखाई देते हैं।

एसपी ग्रामीण ने किया निरीक्षण

इंदौर ग्रामीण के एसपी राजेन्द्र कुमार वर्मा स्वयं पातालपानी और जामगेट पहुंचे तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय अधिकारियों को सप्ताहांत और मानसून के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने, पर्यटकों को लगातार जागरूक करने और संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए।

यह भी पढें:

स्थानीय लोगों की मांग

स्थानीय नागरिकों ने महू के पातालपानी में बढ़ती भीड़ को देखते हुए स्थायी पुलिस निगरानी, अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती, मजबूत बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्डों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Navbharat Live
navbharatlive.com