MPL 2026: इंदौर में आज से एमपीएल का तीसरा सीजन, आवेश और आशुतोष पर रहेंगी नजरें, इस बार शामिल हैं 10 टीमें

Madhya Pradesh Premier League: इंदौर में आज से MPL 2026 का आगाज हो रहा है। पहला मैच ग्वालियर चीता और उज्जैन फाल्कंस के बीच मैच होगा। आवेश खान, रजत पाटीदार और आशुतोष शर्मा जैसे स्टार पर सबकी नजर रहेगी।
MPL 2026 Indore Tournament
MPL 2026 (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

MPL 2026 Indore Tournament: मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (MPL) के तीसरे संस्करण का आगाज बुधवार से इंदौर में होगा। पहली बार इस टी-20 लीग के मुकाबले इंदौर में आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है। पिछले दो सफल सीजन के बाद एमपीएल प्रदेश क्रिकेट का बड़ा मंच बनकर उभरा है, जहां से कई खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा के दम पर आईपीएल तक का सफर तय किया है।

टूर्नामेंट का पहला मुकाबला बुधवार शाम 7:30 बजे ग्वालियर चीता और उज्जैन फाल्कंस के बीच खेला जाएगा। इसके बाद 4 जून से प्रतिदिन दो से तीन मुकाबले आयोजित होंगे। इस बार लीग में कुल 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें इंदौर पिंक पैंथर्स, भोपाल लेपर्ड्स, बुंदेलखंड बुल्स, चंबल घड़ियाल, ग्वालियर चीता, जबलपुर रॉयल लॉयंस, रीवा जगुआर, मालवा स्टैलियंस, उज्जैन फाल्कंस और रॉयल निमाड़ ईगल्स शामिल हैं।

8.20 लाख रुपए में बिके आवेश खान

इस बार एमपीएल का ऑक्शन भी चर्चा का विषय रहा। आईपीएल में करोड़ों रुपए पाने वाले कई खिलाड़ियों को यहां अपेक्षाकृत कम कीमत मिली। इंदौर के तेज गेंदबाज आवेश खान को चंबल घड़ियाल ने 8.20 लाख रुपए में खरीदा। आईपीएल में 9.75 करोड़ रुपए पाने वाले आवेश के लिए इससे बड़ी बोली की उम्मीद की जा रही थी।

15 लाख रुपए लगी आशुतोष की बोली

वहीं ऑक्शन की सबसे बड़ी बोली आशुतोष शर्मा पर लगी। तीन लाख रुपए के बेस प्राइस से शुरू हुई बोली 15 लाख रुपए तक पहुंची और मालवा स्टैलियंस ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया। आशुतोष वर्तमान में आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं।

रजत और आवेश पर रहेगी नजर

टूर्नामेंट में कई स्टार खिलाड़ियों पर नजरें रहेंगी। इनमें रजत पाटीदार, आवेश खान, अर्शद खान, अनिकेत वर्मा, माधव तिवारी, कुमार कार्तिकेय, कुलवंत खेजरोलिया, सौम्य पांडे, शिवांग कुमार, आशुतोष शर्मा, ऋषभ चौहान और सागर सोलंकी प्रमुख हैं।

IPL में दिखे MP के 11 खिलाड़ी

मध्य प्रदेश क्रिकेट के बढ़ते प्रभाव का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इस वर्ष आईपीएल में प्रदेश के 11 खिलाड़ी विभिन्न फ्रेंचाइजी टीमों का हिस्सा रहे। ऐसे में एमपीएल का यह सीजन युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने और बड़े मंच तक पहुंचने का सुनहरा अवसर माना जा रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com