

MP Congress Chakka Jam: कांग्रेस ने मध्यप्रदेश में किसानों के मुद्दों को लेकर बड़ा आंदोलन किया है। इसके तहत पार्टी ने प्रदेश से गुजरने वाले आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे-52 समेत कई प्रमुख मार्गों पर चक्काजाम किया है। कांग्रेस का यह प्रदर्शन प्रदेशभर में सात अलग-अलग स्थानों पर आयोजित किया गया, जिससे कई जगह यातायात प्रभावित हुआ।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और कांग्रेस प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी शाजापुर जिले के रोजवास टोल प्लाजा पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। इंदौर बायपास पर प्रदर्शन के दौरान करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
जीतू पटवारी ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि यह आंदोलन सिर्फ ट्रेलर है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों के साथ अत्याचार हो रहा है और उनकी आवाज दबाई जा रही है। पटवारी ने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा। रोजवास टोल प्लाजा पर जीतू पटवारी ट्रैक्टर पर बैठकर प्रदर्शनकारियों से मिले। गेहूं से भरे ट्रैक्टर के आसपास बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते दिखाई दिए।
रोजवास टोल प्लाजा पर प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। शाजापुर जिले में सुबह से ही बड़ी संख्या में पुलिस जवान और अधिकारी तैनात किए गए। लालघाटी स्थित बापू की कुटिया के पास पुलिस बल जुटा रहा ताकि स्थिति नियंत्रण में बनी रहे।
महू क्षेत्र में कांग्रेस के चक्काजाम प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई। प्रदर्शन स्थल पर पूरी-सब्जी वितरित की गई और कार्यकर्ता वहीं भोजन करते नजर आए।
मुरैना में एसडीएम अतुल सिंह ने सड़क पर बैठे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को माइक से चेतावनी देते हुए कहा कि प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं है और जल्द जाम हटाया जाए, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शाजापुर में ट्रक चालक ने बताया कि वह करीब डेढ़ घंटे से जाम में फंसा हुआ है। उसने कहा कि लंबे जाम के कारण यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।