MGM हॉस्टल में देर रात पहुंचे सीनियर, फर्स्ट ईयर छात्रों ने की रैगिंग की शिकायत, NMC ने मांगी रिपोर्ट

Indore MGM Medical College : इंदौर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज हॉस्टल में फर्स्ट ईयर छात्रों ने सीनियर छात्रों के देर रात पहुंचने और परेशान करने की शिकायत की है। NMC ने 24 घंटे में रिपोर्ट मांगी है।
Complaint of alleged ragging involving first-year MBBS students at MGM Medical College Indore
इंदौर स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज फोटो सोर्स - सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

MGM Medical College Ragging : इंदौर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में फर्स्ट ईयर एमबीबीएस छात्रों ने सीनियर छात्रों के देर रात हॉस्टल में पहुंचने और उन्हें परेशान करने की शिकायत की है। मामला सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।

इधर नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) के एंटी रैगिंग सेल ने भी कॉलेज प्रशासन से 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट मांगी है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए छात्रों के बयान, सीसीटीवी फुटेज और हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जा रही है।

जूनियर छात्रों के हॉस्टल में पहुंचे सीनियर

शिकायत के मुताबिक, कुछ सीनियर छात्र देर रात फर्स्ट ईयर एमबीबीएस छात्रों के हॉस्टल में पहुंचे थे। आरोप है कि सीनियर छात्रों ने जूनियर छात्रों के कमरों के दरवाजे खुलवाने के लिए देर रात दरवाजे पीटे। सीनियर छात्रों के पहुंचने और लगातार दरवाजा खटखटाए जाने से जूनियर छात्र डर गए और उन्होंने कमरे के दरवाजे नहीं खोले। मामले की जानकारी सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन ने घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।

सुरक्षाकर्मियों की भूमिका पर भी सवाल

मामले में हॉस्टल में तैनात सुरक्षाकर्मियों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायत में कहा गया है कि जब सीनियर छात्र जूनियर छात्रों के हॉस्टल में पहुंचे तो सुरक्षाकर्मी उन्हें रोक नहीं सके। कॉलेज प्रशासन अब सुरक्षाकर्मियों से भी पूरे घटनाक्रम को लेकर जानकारी लेगा और उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। जांच में यह भी देखा जाएगा कि हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद सीनियर छात्र प्रतिबंधित क्षेत्र तक कैसे पहुंचे।

एंटी रैगिंग कमेटी ने छात्रों को बुलाया

शिकायत की जांच के लिए कॉलेज की एंटी रैगिंग कमेटी ने फर्स्ट ईयर छात्रों को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया है। छात्रों से घटना के समय, हॉस्टल में सीनियर छात्रों की मौजूदगी और उनके द्वारा किए गए व्यवहार के बारे में जानकारी ली जाएगी। छात्रों के बयानों के आधार पर शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच आगे बढ़ाई जाएगी।

ब्लॉक नंबर 6 की CCTV फुटेज खंगालेगा कॉलेज

फर्स्ट ईयर एमबीबीएस छात्र हॉस्टल के ब्लॉक नंबर 6 में रहते हैं। शिकायत के बाद कॉलेज प्रबंधन अब इस ब्लॉक में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने की तैयारी कर रहा है। बताया गया है कि ब्लॉक नंबर 6 में सीनियर छात्रों के प्रवेश पर प्रतिबंध है। ऐसे में CCTV फुटेज के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि घटना वाली रात हॉस्टल में कौन-कौन पहुंचा था और कितनी देर तक वहां मौजूद रहा।

Complaint of alleged ragging involving first-year MBBS students at MGM Medical College Indore
भोपाल मास्टर प्लान में FAR को लेकर सवाल, नीलबड़-रातीबड़ रोड पर दोहरे नियम का आरोप, MP आलोक शर्मा ने दी चेतावनी

NMC ने 24 घंटे में मांगी रिपोर्ट

मामला सामने आने के बाद नेशनल मेडिकल कमीशन के एंटी रैगिंग सेल की ओर से कॉलेज प्रशासन से 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट मांगी गई है। कॉलेज प्रशासन छात्रों के बयान, CCTV फुटेज, सुरक्षाकर्मियों की जानकारी और हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े तथ्यों को जांच में शामिल कर रिपोर्ट तैयार करेगा। जांच पूरी होने के बाद ही शिकायत में लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com