इंदौर के 12 साल पुराने कृष्णा हत्याकांड का खुलासा: लूट के बाद चाकू से की गई थी हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

Indore Crime News : इंदौर के खजराना में 2015 के 17 वर्षीय कृष्णा हत्याकांड का 12 साल बाद खुलासा हुआ। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लूट का सामान और बाइक बरामद की।
Indore Krishna Murder Case Solved
इंदौर पुलिस ने 12 साल पुराने हत्याकांड का किया खुलासा(फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Indore Krishna Murder Case : इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र में 2015 में हुए 17 वर्षीय कृष्णा के अंधे कत्ल का पुलिस ने करीब 12 साल बाद खुलासा किया है। खजराना पुलिस ने मामले में अकील उर्फ नाइट्रा और आरिफ उर्फ नाइट्रा को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने लूट के इरादे से कृष्णा की हत्या करना स्वीकार किया है। वारदात में शामिल तीसरे आरोपी परवेज की पहले ही मौत हो चुकी है।

पुलिस के मुताबिक 17 अप्रैल 2015 को खजराना बायपास के पास 17 वर्षीय कृष्णा का शव मिला था। घटना के बाद खजराना थाने में हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया, लेकिन आरोपियों की पहचान नहीं होने के कारण मामला लंबे समय तक अनसुलझा रहा। पुलिस ने अब मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से मामले की कड़ियां जोड़ते हुए दोनों आरोपियों तक पहुंच बनाई।

नशा करने के बाद लूटा, फिर हत्या

पूछताछ में पुलिस के सामने वारदात की जो कहानी आई, उसके मुताबिक अकील, आरिफ और परवेज ने कृष्णा को लिफ्ट देने के बहाने अपने साथ लिया। इसके बाद वे उसे खजराना बायपास के पास एक सुनसान मैदान में ले गए। यहां आरोपियों ने उसके साथ नशा किया और फिर सोने का लॉकेट, चांदी की चेन-पेंडल और नकदी लूट ली।

विरोध किया तो गले पर चाकू से वार

इंदौर पुलिस के अनुसार लूट का विरोध करने पर अकील ने कृष्णा के गले पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने और अत्यधिक खून बहने से कृष्णा की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए मृतक की मोटरसाइकिल समेत अन्य साक्ष्यों को जलाने और छिपाने की कोशिश की और मौके से फरार हो गए।

लूट का सामान और बाइक बरामद

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद उनके कब्जे से लूट का सामान बरामद किया है। बरामदगी में चेन, लॉकेट, मोटरसाइकिल और अन्य सामग्री शामिल है। दोनों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच करने के साथ ही आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और संभावित अन्य वारदातों को लेकर भी पूछताछ कर रही है।

Indore Krishna Murder Case Solved
इंदौर: बर्थडे पार्टी में रौब दिखाना पड़ा महंगा, युवकों ने हवाबाजी के लिए खरीदे हथियार; पुलिस ने किया गिरफ्तार

दोनों आरोपियों पर पहले से कई मामले

पुलिस के मुताबिक अकील के खिलाफ इंदौर और उज्जैन के अलग-अलग थानों में लूट, चोरी, मारपीट और हत्या के प्रयास समेत कई मामले दर्ज हैं। वहीं आरिफ के खिलाफ भी लूट और चोरी के प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और लूट की वारदातों में पहले भी शामिल रहे हैं। 12 साल पुराने इस हत्याकांड के खुलासे के बाद पुलिस अब मामले में सामने आए सभी साक्ष्यों को जांच के दायरे में ले रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com