

Highlights :
विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला का मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश का वीडियो।
नवभारत लाइव की खबर का असर, खजराना गणेश मंदिर में गर्भगृह प्रवेश विवाद के बाद हुई कार्रवाई।
सुरक्षा एजेंसी पर 51 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
Khajrana Ganesh Mandir Action gainst Security Agency : इंदौर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था और नियमों की अनदेखी के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला के प्रतिबंधित गर्भगृह में प्रवेश कर दर्शन और पूजन करने का वीडियो सामने आने के बाद मंदिर प्रबंधन ने जिम्मेदारों पर कार्रवाई की है। नवभारत लाइव पर मामला प्रमुखता से उठाए जाने के बाद मंदिर प्रबंधन ने सुरक्षा एजेंसी पर 51 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है।
ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी को बर्खास्त कर दिया गया है जबकि मुख्य सुरक्षा अधिकारी का सात दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा पुजारियों और मंदिर प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को भी नोटिस जारी किए गए हैं।
दरअसल खजराना गणेश मंदिर में आम श्रद्धालुओं के लिए गर्भगृह में प्रवेश प्रतिबंधित है। इसके बावजूद विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला गर्भगृह में पहुंच गए थे। यहां उन्होंने भगवान गणेश के दर्शन किए और पूजन भी किया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े हुए थे। सवाल ये भी था कि जब आम श्रद्धालुओं के लिए गर्भगृह में प्रवेश प्रतिबंधित है तो फिर रसूखदारों को इसकी अनुमति कैसे मिल गई
इस मामले को नवभारत लाइव ने प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद मंदिर प्रबंधन ने जांच कर लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। सुरक्षा एजेंसी पर 51 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। गर्भगृह में प्रवेश के दौरान ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है। वहीं मुख्य सुरक्षा अधिकारी रवि प्रकाश का सात दिन का वेतन काटने का निर्णय लिया गया है। मंदिर के पुजारियों, प्रबंधक और सहायक प्रबंधक को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
जांच के दौरान मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था में कई गंभीर खामियां सामने आई हैं। गर्भगृह से जुड़े CCTV कैमरे बंद पाए गए और लाइव मॉनिटरिंग की व्यवस्था भी प्रभावी नहीं मिली। ऐसे में मंदिर की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल और गहरे हो गए हैं। प्रबंधन ने इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदारों से जवाब तलब किया है।
भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो इसके लिए गर्भगृह के प्रवेश मार्ग पर पांच सुरक्षाकर्मियों की तैनाती करने का फैसला लिया गया है। हालांकि इस पूरी कार्रवाई के बीच सबसे बड़ा सवाल अब भी कायम है कि आम श्रद्धालुओं के लिए गर्भगृह में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा लेकिन नियमों का उल्लंघन करने वालों पर निगरानी और रोक सुनिश्चित कैसे होगी।