इंदौर: प्लास्टिक दाना फैक्ट्री में भीषण आग, कई किलोमीटर दूर से दिख रहा धुआं, कोई हताहत नहीं

Plastic Factory Blaze In Indore: इंदौर में प्लास्टिक दाना फैक्ट्री में भीषण आग लग गई है। आग लगने से लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।
Indore Factory Fire News
फैक्ट्री में आग (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Indore Fire News: इंदौर शहर में बड़ा हादसा हो गया। धार रोड स्थित नवादा पंथ इलाके में एक प्लास्टिक दाना फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी फैक्ट्री इसकी चपेट में आ गई और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार फैक्ट्री से धुआं और आग की लपटें उठते ही लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए गए। हालांकि प्लास्टिक दाना और अन्य ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग लगातार फैलती रही, जिससे राहत कार्य में भारी दिक्कतें आईं।

जेसीबी से दीवारों को तोड़ा

आग की गंभीरता को देखते हुए दमकलकर्मियों ने अतिरिक्त संसाधनों का इस्तेमाल किया। फैक्ट्री के अंदर तक पानी पहुंचाने के लिए जेसीबी मशीन की मदद से दीवार और कुछ हिस्सों को तोड़ा गया, ताकि आग को फैलने से रोका जा सके और अंदर तक पानी डाला जा सके।

मौके पर आला आधिकारी मौजूद

मौके पर मौजूद अधिकारियों के अनुसार फैक्ट्री में आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन पूरी तरह नियंत्रण में आने में समय लग सकता है। राहत और बचाव कार्य में दमकल विभाग के साथ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद हैं।

ये भी पढ़ें : 

आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी कारण की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। घटना के बाद स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर मौजूद हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से फैक्ट्री क्षेत्र से दूर रहने की अपील की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com