इंदौर में दिल दहला देने वाली वारदात: पत्नी के घर छोड़ने से नाराज बेटे ने मां की पीट-पीटकर कर दी हत्या

Crime News: इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। पत्नी के घर छोड़कर जाने से नाराज बेटे ने मां की कथित तौर पर लात-घूंसों से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गयी।
Indore murder case a man allegedly beat his mother to death after a domestic dispute when his wife left home; accused arrested by Lasudia Police.
इंदौर का लसुडिया थाना (फोटो सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Indore Son Kills Mother: इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित निरंजनपुर बस्ती स्कीम-114 में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पत्नी के घर छोड़कर चले जाने से नाराज एक युवक ने अपनी ही मां की बेरहमी से लात-घूंसों से पिटाई कर दी। गंभीर चोट लगने के कारण मां की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पत्नी के जाने से भड़का था आरोपी

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 60 वर्षीय गीता पंवार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी बेटा आकाश पंवार की पत्नी बुधवार सुबह घर छोड़कर चली गई थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपनी मां को पत्नी के घर छोड़ने का जिम्मेदार मानता था। इसी बात को लेकर उसका मां से विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया।

लात-घूंसों से किया हमला, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

गुस्से में आकर आरोपी ने अपनी मां के साथ जमकर मारपीट की। लात-घूंसों से किए गए हमले में महिला को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। पुलिस का कहना है कि महिला की पसली टूटकर हृदय में धंसने की आशंका भी जताई जा रही है। घटना के बाद महिला को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत की वजह का खुलासा

इंदौर पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि होगी। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि परिवार के कई सदस्य शराब पीने के आदी हैं। हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।

यह भी पढें:

आरोपी गिरफ्तार, हत्या का मामला दर्ज

लसूड़िया पुलिस ने आरोपी आकाश पंवार को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घरेलू विवाद ने इस घटना को भयावह रूप दे दिया, जिसमें एक मां की जान चली गई। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com