Indore News: पूर्व कांग्रेस नेता राकेश सिंह यादव का राहुल गांधी को खुला पत्र, पार्टी की कार्यशैली पर उठाए सवाल

MP Congress Politics : इंदौर में पूर्व कांग्रेस नेता राकेश सिंह यादव ने राहुल गांधी को खुला पत्र लिखकर कांग्रेस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने जीतू पटवारी की भी आलोचना की है।
Rakesh Singh Yadav Rahul Gandhi Letter
राकेश सिंह यादव (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Rakesh Singh Yadav Rahul Gandhi Letter: मध्य प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव और पूर्व कांग्रेस नेता राकेश सिंह यादव ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को खुला पत्र लिखकर कांग्रेस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ने पिछले कई वर्षों में केंद्र सरकार और उसके शीर्ष नेताओं पर कई गंभीर आरोप लगाए, लेकिन उन्हें तथ्यों और सबूतों के साथ साबित नहीं कर सकी। यादव ने कांग्रेस को तथ्य आधारित और जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाने की सलाह दी है।

राकेश सिंह यादव ने अपने पत्र में लिखा कि वर्ष 2013 से 2026 के बीच राहुल गांधी ने नोटबंदी, जीएसटी, राफेल, मणिपुर हिंसा, जातीय जनगणना, संविधान, चुनावी बॉन्ड, पेगासस, ईडी-सीबीआई के दुरुपयोग और वोट चोरी जैसे कई मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरा। उनका कहना है कि इन मामलों में लगाए गए आरोपों को पर्याप्त प्रमाणों के साथ स्थापित नहीं किया जा सका, जिससे विपक्ष की विश्वसनीयता प्रभावित हुई।

तथ्य आधारित विपक्ष की दी सलाह

यादव ने पत्र में कहा कि लोकतंत्र में मजबूत विपक्ष की भूमिका केवल आरोप लगाने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। विपक्ष को तथ्यों के साथ सरकार को घेरना चाहिए और जनता के सामने वैकल्पिक नीतियां भी प्रस्तुत करनी चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी से पार्टी की रणनीति और सलाहकारों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करने का आग्रह किया।

जीतू पटवारी पर भी साधा निशाना

पूर्व कांग्रेस नेता ने मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पटवारी बिना तथ्यों के आरोप लगाते हैं और इससे पार्टी की छवि को नुकसान पहुंच रहा है। राकेश सिंह यादव ने उन्हें "रीलबाज नेता" बताते हुए कहा कि उनकी राजनीतिक शैली से मध्य प्रदेश में कांग्रेस को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाया।

नीति और नीयत में सुधार की अपील

राकेश सिंह यादव ने अपने पत्र के अंत में राहुल गांधी से कांग्रेस को मजबूत करने के लिए नीति और नीयत दोनों में सुधार करने की अपील की। उनका कहना है कि यदि पार्टी को भविष्य में जनता का विश्वास हासिल करना है तो उसे प्रमाण आधारित राजनीति और रचनात्मक विपक्ष की भूमिका अपनानी होगी।

https://youtu.be/fV1lnI4rbok?si=jTscvZlL2c7Z6LxM

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com