

Rahul Gandhi Indore Program: इंदौर में 19 सितंबर को होने वाले छात्रों की गूंज कार्यक्रम से पहले आयोजन स्थल पर सांप निकलने से हड़कंप मच गया। कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान डोम के अंदर काला सांप दिखाई दिया। सांप मंच के आसपास से होते हुए वीआईपी डोम की तरफ चला गया, जहां राहुल गांधी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के लिए वेटिंग और रेस्ट एरिया तैयार किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, आयोजन स्थल पर तैयारियों के दौरान अचानक कर्मचारियों की नजर सांप पर पड़ी। सांप को देखते ही डोम में काम कर रहे मजदूरों और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। कुछ समय के लिए तैयारियों का काम भी प्रभावित हुआ। सांप मंच के नजदीक से गुजरते हुए वीआईपी डोम की ओर चला गया। इसी डोम में राहुल गांधी समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के रुकने और कार्यक्रम से पहले इंतजार करने की व्यवस्था की गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर स्नेक कैचर को बुलाया गया। सांप को पकड़ने के लिए रेस्क्यू की कोशिश शुरू की गई। आयोजन स्थल पर सांपों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से अतिरिक्त इंतजाम किए जाने की बात सामने आई है।
कांग्रेस की ओर से कार्यक्रम के दौरान करीब पांच स्नेक कैचर तैनात रखने की बात कही जा रही है। ये स्नेक कैचर कार्यक्रम शुरू होने से लेकर समाप्त होने तक आयोजन स्थल पर मौजूद रहेंगे, ताकि सांप या अन्य किसी स्थिति की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
सांप निकलने की घटना के बाद बीजेपी ने भी कार्यक्रम में आने वाले छात्रों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं। बीजेपी की ओर से मांग की गई है कि कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले छात्रों के बीमा की मांग भी उठाई है।
19 सितंबर को राहुल गांधी इंदौर में छात्रों के साथ संवाद करेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं और छात्रों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ अब सांपों से निपटने के लिए स्नेक कैचर की तैनाती भी चर्चा में है।